spot_img

Dhamtari : निर्धारित स्थल को छोड़कर अन्य स्थानों पर लग रहे हैं बाजार, बढ़ी लोगों की परेशानी

जगह-जगह थोक के भाव में सड़क किनारे खुल रही सब्जी व अन्य सामानों की दुकानें

धमतरी : धमतरी शहर में अव्यवस्थित ढंग से लग रही सब्जी व अन्य सामानों की लग रही दुकानों से शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगभग माहभर के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाने वालों की बाढ़ सी आ गई है। इसके चलते शहर में कई बार जाम की स्थिति भी बनने लगी है। इसे व्यवस्थित करने प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

धमतरी शहर में अंबेडकर चौक से लेकर रुद्री गंगरेल तक सड़क का डामरीकरण हुआ है। मरम्मत होने के बाद इस मार्ग में लोगों की सुगम आवाजाही हो रही है। लगभग डेढ़ माह पूर्व आंबेडकर चौक से आगे रुद्री मार्ग में इक्का-दुक्का लोगों ने सब्जी बेचना शुरू कर दिया। देखा-देखी कई लोग यहां सब्जी, चश्मा, गमछा, स्वेटर, जैकेट, खिलौने, जूते सहित अन्य सामानों की दुकान लगाने लगे। इसके चलते कुछ माह पहले तक दिखने वाली चौड़ी सड़क भी अब संकरी नजर आने लगी है। इस मार्ग से जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी गुजरते हैं लेकिन इस समस्या को दूर करने का प्रयास नहीं किया जा रहा। यही हाल धमतरी शहर के आमातालाब रोड का है। सड़क किनारे लगी दुकानों का सामान सड़क तक फैला रहता है। दिन ढलते ही यहां जाम की स्थिति भी बन जाती है। इससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यही हाल शहर के अन्य स्थानों का है, जहां सड़क तक सामान फैला रहता है।

शहर के नागरिक राहुल अंदानी, राजकुमार देवांगन, प्रिंस सोनवानी का कहना है कि शहर को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम को विशेष प्रयास करना चाहिए ताकि सड़क तक इस तरह सामान बेचने वालों पर लगाम लगाई जा सके। पवन कुमार नेताम ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बुलडोजर चलाया जाए ताकि अवैध पार्किंग, अवैध रूप से सामान विक्रय कर रहे लोगों पर शिकंजा कसा जा सके। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार पाेयाम ने कहा कि नगर निगम के 40 वार्डों में व्यवस्थित आवाजाही के लिए सामान को फैलाना उचित नहीं है। नगर निगम द्वारा टीम गठित की गई है। जिसने अपनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जल्दी ही रुद्री मार्ग में से दुकानों सड़क तक फैले दुकानों को हटाया जाएगा।

Explore our articles