spot_img

Dhamtari: धमतरी- वर्षा ऋतु में गायत्री परिवार लगाएगा पांच हजार पौधे

धमतरी:(Dhamtari) पर्यावरण संरक्षण को लेकर गायत्री परिवार द्वारा कार्य किया जा रहा है। वर्षा ऋतु में इस बार गायत्री परिवार द्वारा जिले में पांच हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए धमतरी जिले के ब्लाकवार सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है।

पर्यावरण को प्रदुषण मुक्त रख कर बहुमूल्य मानव जीवन को स्वस्थ, निरोग एवं सुरक्षित रखने गायत्री परिवार जिला धमतरी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में पौधरोपण रोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में जिले के धमतरी, कुरुद, मगरलोड, नगरी एवं भखारा विकासखंडों के 25 स्थानों पर लगभग 100 पौधे लगाकर सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया।

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा प्रतिवर्ष वृक्ष गंगा अभियान एवं हरित सरोवर योजना के तहत देशभर में लाखों पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया जाता है। इसी अभियान के अंतर्गत पर्यावरण दिवस पर धमतरी ब्लाक के आमदी, मुजगहन, गोकुलपुर,काली मंदिर सोरिद नगर, मराठा पारा,गुजरा , रुद्री धौराभाठा में, कुरुद ब्लाक के कुरुद, जी जामगांव, संकरी, मरौद,अटंग में, मगरलोड ब्लाक के हल्दी, मगरलोड, नगरी ब्लाक के गट्टासिल्ली, भखारा ब्लाक के तर्रागोंदी, सिलघट एवं भखारा में गायत्री परिवार के भाई बहनों द्वारा आम, आंवला, पीपल, बरगद, नींबू, अशोक, जाम, बेल, कनेर, अपराजिता, इमली एवं अन्य उपयोगी पौधे लगाए गए।

पौधा रोपण में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले गायत्री परिजन धमतरी से हीरा लाल साहू एवं प्रज्ञा मण्डल आमदी के सदस्यगण, डामिन नाग, हर्षिता नाग, कौशल साहू, गोविंद मीनपाल, संतोष साहू, लक्ष्मी साहू, संगीता साहू, देवनारायण जैन,मंजू जैन, सोहन निषाद, गायत्री महिला मण्डल धौराभाठा, प्रज्ञा मण्डल गुजरा, कुरुद से साधना देवांगन,ओम कुमारी कंवर कमलवंशी,दुर्गेश नंदिनी सिन्हा एवं सहयोगी गण सहित अन्य परिजनों ने सहयोग दिया।

चार माह तक चलेगा पौधारोपण अभियान

गायत्री परिवार के जिला समन्वयक दिलीप नाग ने बताया कि चार माह तक पौधारोपण अभियान चलेगा। इसी अभियान के अंतर्गत धमतरी जिले में इस वर्ष छायादार , फलदार, फूलदार एवं अन्य उपयोगी पांच हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। आगामी जुलाई, अगस्त, सितंबर माह में गुरु पूर्णिमा पर्व, हरियाली,पोला एवं क्वांर नवरात्रि पर्व पर वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

Explore our articles