धमतरी : 56 दिनों के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 26 जून को शिक्षा सत्र 2023-24 के लिए जिलेभर के शासकीय व निजी स्कूलों के गेट सुबह से खुल जाएंगे। स्कूल खुलने को लेकर शासकीय व निजी स्कूलों में तैयारी लगभग पूरी है। वहीं स्कूल जाने को लेकर बच्चों में काफी उत्साह है। स्कूलों में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर शाला प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान बच्चों के माथे पर तिलक लगाकर मुंह मीठा कराएंगे।
जिले के धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड ब्लाक में कुल 1490 शासकीय स्कूलें संचालित है। इन स्कूलों में पिछले 56 दिनों से ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते ताला जड़ा हुआ था। सभी स्कूलों को हर साल की तरह इस साल भी 16 जून को खुलना था, लेकिन अंचल में अत्यधिक गर्मी और उमस के चलते राज्य शासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथि बढ़ा दिया। इसलिए अब सभी शासकीय व निजी स्कूलें 26 जून से लगेगा। सुबह से सभी स्कूलों के गेट खुल जाएंगे। स्कूल खुलने की तैयारी को लेकर 25 जून को शासकीय व निजी स्कूलों में साफ-सफाई व मरम्मत सुबह से देर शाम तक चलता रहा। स्कूलों के टेबल-कुर्सी को व्यवस्थित किया गया। अंचल के शासकीय प्राथमिक स्कूल कोलियारी में सुबह से मरम्मत किया जा रहा था। वहीं अन्य स्कूलों में साफ-सफाई जारी था। जिले में 877 प्राथमिक और 445 माध्यमिक, 57 हाई स्कूल और 111 हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित है। इन सभी स्कूलों के गेट 26 जून की सुबह से खुल जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ब्रजेश बाजेपयी ने बताया कि स्कूल खोलने की तैयारी सभी शासकीय व निजी स्कूलों में हो गई है। बच्चे व शिक्षक-शिक्षिकाएं समय पर स्कूल पहुंच जाएंगे।
शाला प्रवेशोत्सव मनाएंगे
शासकीय व निजी स्कूलों में नवप्रवेशी बच्चों के स्कूल पहुंचने पर शाला प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। छोटे बच्चों के स्कूल पहुंचने पर उनके माथे पर तिलक लगाकर मुंह मीठा कराएंगे। इस तरह सभी स्कूलों में शाला प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। सुबह से सड़कों पर स्कूली बस, रिक्शा, आटो सभी लंबे समय बाद फिर दिखेंगे। स्कूल खुलने के साथ कई व्यवसाय फिर से चल पड़ेंगे। इसे लेकर बच्चों के साथ पालकों में भी काफी उत्साह है। 25 जून को शहर के बुक डिपो, जूता व कपड़ा दुकानों में बच्चों व पालकों की भीड़ रही।


