देहरादून:(Dehradun) दिन में गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को आधी रात के बाद कुछ राहत मिली। रात ढाई बजे के आसपास 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की दर से अंधड़ चला और झमाझम बारिश हुई। लगभग दो घंटे तक हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया है।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने पांच दिनी मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उत्तराखंड के जनपदों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने या झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
शुक्रवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर कहीं कहीं हल्की बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा जबकि रविवार को एक बार फिर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से सामान्य बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार की सुबह लगभग ढाई बजे से आंधी तूफान के साथ तेजी से बारिश का होना लोगों के दिल में डर सा बन गया। तूफान के कारण छुटपुट हानियां होने का अंदेशा जताया जा रहा है, लेकिन सुबह होते-होते मौसम फिर से साफ हो गया और धूप खिल गई। राजस्व प्रशासन ने बताया कि तूफान से हुए नुकसान का मुहाना कराया जा रहा है।


