spot_img
HomeDehradunDehradun : देश की अर्थव्यवस्था में गुजरात और महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण योगदान...

Dehradun : देश की अर्थव्यवस्था में गुजरात और महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण योगदान : राज्यपाल

गुजरात और महाराष्ट्र का स्थापना दिवस राजभवन में मनाया गया

देहरादून : गुजरात और महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस बुधवार को राजभवन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि दोनों राज्यों ने सर्वांगीण प्रगति के साथ-साथ अपनी अनूठी संस्कृति के कारण अपनी अमिट छाप छोड़ते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस मौके पर राज्यपाल ने उपस्थित लोगों के साथ ही गुजरात और महाराष्ट्र की जनता और पूरे भारत में निवास कर रहे दोनों राज्यों के लोगों को भी उत्तराखंड प्रदेश की ओर से गुजरात और महाराष्ट्र दिवस की बधाई दी।

कार्यक्रम में गुजरात समाज समिति और महाराष्ट्र समाज कल्याण समिति के सदस्यों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों ही प्रांतों के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत, नाट्य एवं नृत्य की प्रस्तुति दी, जिनमें इन राज्यों की समृद्ध लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि आज यह भी प्रसन्नता का विषय है कि “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान की इस अनूठी पहल को आज एक वर्ष पूरा हो चुका है। “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को समर्पित इस अभियान से नि:संदेह देश की एकता और अखंडता को बल मिला है। वहीं दूसरी ओर देशवासियों को विभिन्न प्रांतों की भाषा, वेशभूषा, कला-संस्कृति और रीति-रिवाज का आदान-प्रदान होने से परस्पर एक-दूसरे प्रदेश को समझने का मौका मिल रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि हमारे हर-एक राज्य की एक विशिष्ट पहचान है, हर-एक राज्य की अलग भाषा, विविधतापूर्ण कला और संस्कृति है। यह विविधता ही तो भारत की ताकत है। तमाम अनेकताओं की बावजूद भी हम सब एक हैं, यही भारत की अनूठी विशेषता है।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र समाज कल्याण समिति के सचिव अनिरुद्ध देशमुख ने कहा कि नई पीढ़ी अपनी भाषा, कला, संस्कृति से जुड़ी रहे, इसके लिए उनकी समिति की ओर से निरंतर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

गुजरात समाज समिति के अध्यक्ष धीरज भाई पांचाल ने गुजरात की विशेषताएं साझा करते हुए समिति की विभिन्न सामाजिक शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी।

राज्यपाल की ओर से दोनों प्रदेशों के प्रतिनिधियों को उत्तराखण्ड का राज्य पक्षी मोनाल स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर