spot_img

Dehradun : भाजपा विश्व का श्रेष्ठ राजनीतिक दल : पुष्कर सिंह धामी

Dehradun: BJP is the best political party in the world: Pushkar Singh Dhami

देहरादून: (Dehradun) भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने प्रदेश मुख्यालय में पार्टी का झण्डारोहण किया। इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में विशेष आयोजन हुआ।

पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को स्थापना दिवस मना रही है। इसी कड़ी में भाजपा ने प्रदेशभर में धूमधाम से पार्टी के स्थापना दिवस को मनाया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार को हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि रूप में विशेष रूप से उपस्थित थे जबकि अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट एवं महामंत्री संगठन कार्यक्रम में आयोजन समिति की ओर से उपस्थित थे। इन सबने मिलकर मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही पार्टी मुख्यालय में वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन को सुना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों को पार्टी के स्थापना दिवस और हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को नमन किया, जिसकी बदौलत आज भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी सभी प्रदेशवासियों को पार्टी के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि पार्टी आज बूथ स्तर तक स्थापना दिवस पर कार्यक्रम कर रही है। पार्टी का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ा जाए इसको लेकर पार्टी कार्य कर रही है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इससे पूर्व पार्टी के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर नेशविला रोड स्थित अपने निजी आवास में पार्टी का झंडा फहराया। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। मंत्री जोशी के साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा आज विश्व में अगर सबसे बड़ी पार्टी है, तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अंत्योदय की प्रेरणा को आत्मसात कर समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

Explore our articles