चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान झज्जर को पुलिस कमिश्नरेट का दर्जा प्रदान किए जाने के बाद अब इस पर काम भी शुरू हो गया है। हरियाणा सरकार ने शनिवार को एक आदेश जारी करके झज्जर में पुलिस कमिश्नरेट के दृष्टिकोण से पुलिस आयुक्त समेत कई अन्य नियुक्तियां कर दी हैं।
सोमवार से झज्जर में पुलिस कमिश्नरेट के रूप में काम शुरू हो जाएगा। इससे पहले एनसीआर में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत में पहले से ही पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली चल रही है। बढ़ती आपराधिक घटनाओं तथा झज्जर के लगातार हो रहे विस्तार के चलते लंबे समय से यहां पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव की मांग चल रही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट सत्र के दौरान बजट पास करवाते समय झज्जर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को लागू करने का ऐलान किया था।
शनिवार को सरकार ने यहां अधिकारियों को नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार वर्ष 2004 बैच के आईपीएस एवं सोनीपत के पुलिस आयुक्त बी. सतीश बालन को झज्जर का पुलिस कमिश्नर लगाया गया है। बालन के पास सोनीपत का भी चार्ज रहेगा। अभी तक सोनीपत में बतौर एसपी तैनात 2014 बैच के आईपीएस डॉ. अर्पित जैन अब झज्जर में ही डीसीपी के पद पर तैनात रहेंगे। अर्पित जैन के पास डीसीपी हेडक्वार्टर तथा डीसीपी क्राइम का चार्ज भी रहेगा। दो तैनातियों के अलावा सरकार ने झज्जर के अंतर्गत आते सबसे महत्वपूर्ण शहर बहादुरगढ़ में भी डीसीपी के पद को मंजूरी प्रदान कर दी है। जिसके चलते पलवल के एसपी मयंक मिश्रा को बहादुरगढ़ में डीसीपी तैनात किया गया है। नई बनी झज्जर पुलिस कमिश्नरेट में अब थाना प्रभारियों से ऊपरी पदों पर तैनात अधिकारियों के पदनाम बदल जाएंगे। यही नहीं अब पुलिस थानों के भी नामों तथा अधिकार क्षेत्रों में बदलाव किया जाएगा।


