
चंडीगढ़ : (Chandigarh) अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस (Amritsar Commissionerate Police) ने सीमा पार से हथियार तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके आठ तस्करों को 11 आधुनिक पिस्तौलों के साथ गिरफ्तार किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव (Punjab Director General of Police (DGP) Gaurav Yadav) ने गुरुवार काे बताया कि अमृतसर के गांव अटारी निवासी गुलाबजीत सिंह उर्फ प्रिंस (21) और हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत (23), गुरदासपुर के गांव हरदोवाल, कलानौर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (24), अमृतसर के गांव रणियां निवासी कुलजीत सिंह (39) और शमशेर सिंह उर्फ शेरा (40), अमृतसर के गांव छेहरटा निवासी अमन राणा उर्फ चीनी (20), अमृतसर के गांव किरलगढ़ निवासी शरणजीत सिंह उर्फ सनी (29) और तरनतारन के गांव मालिया के रहने वाले अजय सिंह (23) को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बरामद हथियारों में चार .30 बोर (चीनी निर्मित), चार .30 बोर पीएक्स5 स्टॉर्म, एक .30 बोर ज़िगाना, एक 9 एमएम ग्लॉक (ऑस्ट्रियाई निर्मित) और एक 9 एमएम (ऑस्ट्रियाई निर्मित) तथा आठ जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस टीमों ने इनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार हथियार तस्कर कथित तौर पर अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल विदेशी कारिंदों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए ये हथियार आगे अपराधिक तत्वों को सप्लाई किए जाने थे, जिनका इस्तेमाल जबरन वसूली, हिंसक अपराधों और अन्य अवैध गतिविधियों में होना था। डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और हथियारों का पता लगाने के लिए इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।
पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर (Amritsar Police Commissioner (CP) Gurpreet Singh Bhullar) ने बताया कि प्राप्त गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने गुलाबजीत उर्फ प्रिंस और हरप्रीत उर्फ प्रीत को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने गुरप्रीत उर्फ गोपी को चार पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया और उसके खुलासों के आधार पर पुलिस टीमों ने आगे उसके दो साथियों कुलजीत सिंह और शमशेर उर्फ शेरा को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान गुरप्रीत उर्फ गोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया एप्लिकेशनों के माध्यम से एक विदेशी गैंगस्टर के संपर्क में था, जो उनके लिए अटारी सेक्टर में विभिन्न स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली हथियारों की खेप का प्रबंध कर रहा था।
उन्होंने कहा कि आगे की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने दो अन्य आरोपियों अमन राणा उर्फ चीनी और शरणजीत उर्फ सनी को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया और उक्त आरोपियों के खुलासों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने एक पिस्तौल सहित अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के अनुसार हरप्रीत उर्फ प्रीत, गुरप्रीत उर्फ गोपी, शरणजीत उर्फ सनी और अजय सिंह पहले हत्या, हत्या की कोशिश, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और चोरी के मामलों में भी शामिल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है।





