spot_img

Bhopal : वीरा राणा ने संभाला मुख्य सचिव का कार्यभार, कैबिनेट ने इकबाल सिंह बैंस को दी विदाई

भोपाल : (Bhopal) मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस (Madhya Pradesh Chief Secretary Iqbal Singh Bains) दो सेवा वृद्धि की अवधि समाप्त होने के बाद सेवा निवृत्त हो गए हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इसके साथ ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 1988 बैच की अधिकारी वीरा राणा (Veera Rana) ने प्रदेश के मुख्य सचिव का कार्यभार भी संभाल लिया है।

मुख्य सचिव को सेवानिवृत्ति पर विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को खास तौर पर मंत्रि-परिषद की बैठक बुलाई थी, जिसमें सभी अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री चौहान के कार्यकाल में दो बार 6-6 महीने के एक्सटेंशन (सेवा वृद्धि) का लाभ लेने के बाद मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। उन्हें मंत्रि-परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री चौहान ने पुष्प गुच्छ भेंट कर विदा किया। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के कार्यकाल को याद किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री, मंत्रियों के अलावा नवनियुक्त मुख्य सचिव वीरा राणा, सहित अपर मुख्य सचिव, सभी विभागों के प्रमुख सचिव एवं महत्वपूर्ण अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। मंत्रियों और अधिकारियों ने भी उन्हें भावभीनी विदाई दी।इस मौके पर निवर्तमान मुख्य सचिव बैंस ने कहा कि यह एक पड़ाव है, कोई अंत नहीं। वे काम करते रहेंगे, जिससे उनकी सक्रियता बनी रहेगी। उन्होंने प्रदेश में आनंद विभाग के गठन को अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धि बताया।

वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अपने लिए जिएं तो क्या जिएं, देश-समाज के लिए जीना ही जीना है, मुख्य सचिव रहते हुए बैंस ने यही करके दिखाया है। उन्होंने अच्छा काम किया। जो भी काम उन्हें सौंपे गए, उन्होंने बिना किसी तनाव और दबाव के पूरे किए। कोविड के दौरान भी उन्होंने बेहतर काम कर दिखाया। सीएम राइज स्कूल, सिटीजन चार्टर और आनंद विभाग उनकी बेहतर उपलब्धियां रहीं।

1985 बैच के आईएएस अधिकारी इकबाल सिंह बैंस अपनी 38 वर्ष से अधिक की सेवा पूरी कर आज सेवा निवृत्त हो गए। जून-1986 से सहायक कलेक्टर, खण्डवा के रूप में उन्होंने नौकरी की शुरुआत की थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर और कांकेर में भी अपनी सेवाएं दीं। वे कलेक्टर के रूप में सीहोर, खण्डवा, गुना और भोपाल जिलों में पदस्थ रहे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों के सचिव के रूप में भी उन्होंने कार्य किया। उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, वाणिज्यिक कर, पर्यटन, विमानन, आवास एवं पर्यावरण, लोक सेवा प्रबंधन, आनन्द, संसदीय कार्य, उद्यानिकी, ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं दीं। इसके अवाला वे भारत सरकार में संयुक्त सचिव भी रहे।

वे माध्यमिक शिक्षा मण्डल अध्यक्ष, राजस्व मण्डल अध्यक्ष-ग्वालियर, अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ गुड गवर्नेस और महानिदेशक प्रशासन अकादमी के महानिदेशक भी रहे। बैंस ने 25 मार्च-2020 को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार संभाला और इस पद पर उन्होंने तीन वर्ष आठ माह से अधिक समय तक कार्य किया। लोक सेवा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से पुरस्कार प्राप्त हुआ।

प्रदेश की दूसरी महिला मुख्य सचिव बनीं वीरा राणा

इकबाल सिंह बैंस की विदाई के साथ ही वरिष्ठ आईएएस वीरा राणा ने कार्यवाहक मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया है और इसके साथ ही उन्होंने कामकाज की शुरुआत भी कर दी है। यह दूसरा अवसर है, जब मध्य प्रदेश में कोई महिला अधिकारी को मुख्य सचिव पद का दायित्व मिला है। इससे पहले प्रदेश में 1960 बैच की अधिकारी निर्मला बुच को भाजपा सरकार में 22 सितंबर 1991 को मुख्य सचिव बनाया गया था। वह एक जनवरी 1993 तक मुख्य सचिव रहीं। इसके बाद वीरा राणा प्रदेश की दूसरी ऐसी महिला अधिकारी हैं, जिन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 26 मार्च 1964 को जन्मीं वीरा राणा वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष हैं और उनके पास कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार है। इसके साथ ही अब उन्हें मुख्य सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। चुनाव आयोग की सहमति मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार देर शाम वीरा राणा को वर्तमान दायित्व के साथ मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार देने के आदेश जारी कर दिए थे।वीरा राणा इससे पहले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, खेल और युवा कल्याण, प्रशासन अकादमी और कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। सेवानिवृत्त हो रहे मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बाद वीरा राणा प्रदेश में उपलब्ध अधिकारियों में सबसे वरिष्ठ हैं।

Deoria : महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने महिलाओं का अपमान किया : दयाशंकर सिंह

देवरिया : (Deoria) उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) दयाशंकर सिंह (Dayashankar Singh, the Minister of State for Transport (Independent...

Explore our articles