spot_img

Bhopal : मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार, 28 मंत्रियों ने ली शपथ

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नवनियुक्त 18 मंत्री, 6 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 राज्यमंत्रियों को दिलाई शपथ

भोपाल : मध्यप्रदेश में लम्बे इंतजार के बाद सोमवार को डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया। राजभवन के सांदीपनि सभागार में एक समारोह में 28 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 18 कैबिनेट मंत्री, छह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और चार राज्य मंत्री शामिल हैं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 18 कैबिनेट मंत्री, छह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और चार राज्यमंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री के रूप में कुंवर विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, करण सिंह वर्मा, उदय प्रताप सिंह, सम्पतिया उइके, तुलसीराम सिलावट, एदल सिंह कंषाना, निर्मला भूरिया, गोविन्द सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, नारायण सिंह कुशवाह, नागर सिंह चौहान, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राकेश शुक्ला, चैतन्य काश्यप “भैया जी” और इन्दर सिंह परमार ने शपथ ली।

वहीं, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में कृष्णा गौर, धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी, दिलीप जायसवाल, गौतम टेटवाल, लखन पटैल और नारायण सिंह पंवार ने शपथ ली, जबकि राज्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में नरेद्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, अहिरवार दिलीप और राधा सिंह शामिल है।

शपथ लेने वाले 28 मंत्रियों में सात सामान्य वर्ग से, 11 अन्य पिछड़ा (ओबीसी) वर्ग से, छह अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से और चार अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से हैं। इनमें 13 मंत्रियों की उम्र 60 साल से ज्यादा है। सीहोर जिले की इछावर सीट से विधायक करण सिंह वर्मा (68) सबसे उम्रदराज मंत्री हैं, जबकि सतना जिले की रैगांव सीट से विधायक प्रतिमा बागरी (35) सबसे कम उम्र की मंत्री हैं। सात मंत्री 12वीं क्लास तक पढ़े हैं, जबकि 21 मंत्री ग्रेजुएट हैं।

राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा वी.डी. शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। शपथ विधि का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया।

Explore our articles