1983 से लगातार आयोजित हो रही इफ्तार पार्टी
सामाजिक सौहार्द स्थापित करना पुलिस का उद्देश्य
भिवंडी : भिवंडी के मिल्लत नगर इलाके के फरहान हॉल में बुधवार की शाम पुलिस उपायुक्त परिमंडल दो की तरफ से रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के सभी जाति धर्म के तकरीबन 300 लोग शामिल हुए। लेकिन पुलिस के इस कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र छोटे-छोटे मासूम बच्चे रहे। जिन्हें ने जीवन में पहली बार रोजा रखने की शुरुआत की है। तीन दर्जन बच्चे दिन भर रोजा रखने के बाद पुलिस के इफ्तार पार्टी में अपना रोजा खोला। जिन्हें डीसीपी नवनाथ ढवले सहित पुलिस महकमें के आला अधिकारियों ने पहले गुलाब का फूल देकर उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद उनका हाथ पकड़कर इफ्तार के लिए लाए और पार्टी खत्म होने के बाद फिर हाथ पकड़कर सम्मानपूर्वक बिदा किए। कार्यक्रम शुरू होने से पहले मुस्लिम धर्मगुरु मुफ्ती हुजैफा ने रोजा के धार्मिक व सामाजिक पहलुओं पर चर्चा किया। साथ ही पुलिस के रोजा इफ्तार पार्टी की सराहना की। भिवंडी के पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले ने बताया कि पुलिस व जनता के बीच की दूरी खत्म करने के साथ शहर के नागरिकों के बीच सहयोग, शांति और सद्भाव बढ़ाने के लिए पुलिस द्वारा रोजा इफ्तार का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि 1983 से शहर में पुलिस महकमे की तरफ से ऐसा आयोजन होते आ रहा है। जिसका मकसद समाज मे सौहार्दपूर्ण माहौल तैयार करना है।पुलिस के इस कार्यक्रम में भाजपा व सपा के लोग एक साथ इफ्तार करते देखे गए।कार्यक्रम में उपस्थित लोगो का पुलिसकर्मियों ने गुलाब का फूल देकर स्वागत किया।कार्यक्रम में सपा विधायक रईस शेख,भाजपा शहर अध्यक्ष संतोष शेट्टी,केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल के भतीजे व पूर्व नगरसेवक सुमित पाटिल,मनपा आयुक्त विजयकुमार म्हसाल, मनपा अधिकारी, राजनीतिक से जुड़े लोग, मीडियाकर्मी, विभिन्न पावरलूम एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ शहर के प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित थे।