
46 लाख का प्रतिबंधित गुटखा जब्त
एफडीए ने 8 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस
भिवंडी : भिवंडी गुटखे की तस्करी व सप्लाई का हब बन गया है। लगातार कार्रवाई के बावजूद न तो गुटखे की तस्करी पर विराम लग रहा है और न ही सप्लाई पर अंकुश लग है। अन्न व औषध विभाग (एफडीए) ने पुनः विभिन्न प्रकार के गुटखा से भरे दो टेंपो को पकड़ते हुए कुल 46 लाख 55 हजार 6 सौ रुपए का माल बरामद किया है।अन्न सुरक्षा अधिकारी माणिक आबासाहेब जाधव की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता सहित अन्न सुरक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है,लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गुटखों का जखीरा ले जाते हुए पकड़ा गया
पुलिस सूत्रों के अनुसार स्थानीय कशेली ग्राम पंचायत इलाके में पाइप लाइन से सटे चामुंडा कांप्लेक्स के सामने डंपिंग ग्राउंड के सामने टेंपो क्रमांक एमएच-01,डीआर-3578 और एमएच04 जेयू-2804 द्वारा प्रतिबंधित विभिन्न प्रकार अथवा ब्रांड के गुटखों का जखीरा परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। एफडीए के अधिकारी माणिक जाधव द्वारा एक टेंपो के मुंबई निवासी चालक सुलेमान और टेंपो मालिक मोहम्मद शरीफ एस शेख सहित अन्य टेंपो के फरार मालिक व एक अन्य व्यक्ति सहित जुबेर भाई, प्रदीप,सोनू पार्ला, तालिब बांद्रा एवं शौकत सहित कुल 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। अभी इस संबंध में आरोपियों कीगिरफ्तारी की कोई खबर नहीं है।
गुटखा माफियाओं के हब बना भिवंडी
भिवंडी गुटखा माफियाओं का हब बन गया है। जहां से तस्करी द्वारा प्रतिबंधित गुटखा दूसरे राज्यों से लाकर भिवंडी,ठाणे व मुंबई में बेखौफ सप्लाई कर रहे है।अन्न व औषध विभाग द्वारा इससे पहले पिछले कुछ दिनों में 13 जगहों पर छापामार कर तकरीबन पौने सात करोड़ का गुटखा पुलिस की मदद से पकड़ा जा चुका है।बावजूद गुटखा माफियाओं द्वारा गुटखे की तस्करी व सप्लाई पर अंकुश नहीं लग रहा है, जिसके कारण अन्न व औषध विभाग के साथ ही पुलिस के कार्यकलापों पर सवालिया निशान लग गया है। हैरत की बात यह है कि इतनी बड़ी कार्रवाई में उक्त विभाग अभी तक गुटके के मुख्य सप्लायरों को न पकड़कर सिर्फ वाहन चालकों पर कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। जबकि गुटखे की तस्करी व विक्री बदस्तूर जारी है।


