बेगूसराय:(Begusarai) बेगूसराय का गांव और मोहल्ला ही नहीं, अब अति सुरक्षित और वीआईपी माना जाने वाला सरकारी इलाका भी सुरक्षित नहीं रहा। इसी कड़ी में समाहरणालय के वीआईपी रोड में लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा जमा कर रह रहे परिवार ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया है।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग शिव पूजन चौधरी को स्थानीय लोगों के प्रयास से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिससे उनकी जान बच सकी। घटना के संबंध में शिव पूजन चौधरी ने बताया कि वह प्रत्येक दिन सुबह और शाम समाहरणालय परिसर के आसपास वॉकिंग करते हैं। रविवार की देर शाम समाहरणालय के दक्षिणी द्वार से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान वहां पर अवैध रूप से रह रहे लड़कियों ने चाकू एवं लाठी डंडा से हमला कर दिया।
फिलहाल मामले की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी गई। लेकिन समाचार भेजे जाने तक पुलिस या प्रशासन इस पर कोई एक्शन नहीं ले रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस भिखारी का परिवार गांधी स्टेडियम में रह रहा था। वहां खिलाड़ियों को होने वाली परेशानी देखने के बाद 2021 में तत्कालीन डीएम अरविंद कुमार वर्मा द्वारा इसे हटा कर नगर निगम के आश्रय स्थल में शिफ्ट कर दिया गया।
लेकिन करीब एक वर्ष पहले अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए इस परिवार ने समाहरणालय के दक्षिणी द्वार के अंदर डेरा डाल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे होने वाली परेशानी को देखते हुए अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई भी इस समस्या का हल नहीं कर रहा है। जिसके कारण समाहरणालय, विकास भवन और सदर अस्पताल आने वाले लोगों को दिनभर गाली सुनना पड़ता है। विरोध करने पर केस करने की धमकी दी जाती है।
यह लोग रात में विकास भवन के बंद गेट में भी नीचे से प्रवेश कर जाते हैं। विकास भवन परिसर, समाहरणालय का सुरक्षित एरिया एवं गांधी स्टेडियम में अनैतिक कार्य करते हैं। अब तो बड़ी घटना को अंजाम लेते हुए एक रिटायर्ड बुजुर्ग को अधमरा कर दिया गया। डीएम एवं एसपी को इस मामले को संज्ञान में लेकर अविलंब पहल करनी चाहिए, इस परिवार को यहां से हटाया जाना चाहिए।


