बेगूसराय:(Begusarai) मटिहानी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब के नशे में धूत सिहमा पंचायत के मुखिया बमबम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास शराब का एक बोतल भी बरामद किया गया। मुखिया के गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया तथा तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
उत्पाद अधीक्षक सौरभ कुमार ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पटना मुख्यालय से प्राप्त निर्देश पर 375 एमएल के शराब की एक बोतल के साथ सिहमा पंचायत के मुखिया बमबम सिंह को शराब पीते समय गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को देखते ही शराब के बोतल को मुखिया ने फेंका, लेकिन उसकी कुछ नहीं चली।
बताया जा रहा है कि बमबम सिंह बराबर शराब की पार्टी करते थे लेकिन सूचना मिल दिए जाने के बावजूद स्थानीय थाना और उत्पाद विभाग की टीम कार्रवाई नहीं करती थी। अन्य दिनों की तरह बीते रात भी जब मुखिया अपने घर में बैठकर शराब पी रहे थे तो इस दौरान किसी ने उत्पाद विभाग बिहार मुख्यालय को फोन करके सूचना दे दिया।
जनप्रतिनिधि द्वारा शराब पीने की सूचना मिलते ही मुख्यालय ने इसकी जानकारी तुरंत बेगूसराय के उत्पाद अधीक्षक को दी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने मुखिया के गांव में स्थित आवासीय परिसर में छापेमारी कर दिया। जहां से कि उसे गिरफ्तार किया गया।
मुखिया के गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया तथा उसे छोड़ने के लिए हाई लेवल पर पैरवी की जाने लगी। लेकिन किसी की नहीं चली तथा विभाग उसे न्यायालय में भेजने की तैयारी कर रही है। इधर दूसरी ओर शराब पीने और बेचने के मामले में विभिन्न जगहों से करीब एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।



