बलौदाबाजार: (Balodabazar) राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर से अब तक जिले के 7 दुकानों में अब तक 3 करोड़ 7 लाख 7 हजार रुपये की दवाईयों की बिक्री हुई है। इससे 91 हजार 617 उपभोक्ताओं ने 1 करोड़ 85 लाख 46 हजार रुपये की शुद्ध बचत की है। वर्तमान में जिले के सभी 7 नगरी निकायों में एक-एक श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा है। जिनमें लगभग 52 से 70 प्रतिशत तक की छूट एमआरपी पर दी जा रही है।बलौदाबाजार नगर पालिका अधिकारी यमन देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि, श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर बलौदाबाजार में अब तक 36 हजार 334 उपभोक्ताओं ने 1 करोड़ 30 लाख 30 हजार रुपये की खरीद की है।
बलौदाबाजार विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सलौनी निवासी देवेन्द्र गहरवाल ने बताया कि जब से बलौदाबाजार में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल खुला है तब से प्रति माह लगभग 1 हजार रुपये की दवाई लेता हूं। पूर्व में निजी मेडिकल स्टोर से यही दवाईयां प्रति माह लगभग 3 हजार रुपये में खरीदता था। इस तरह मैं प्रति माह 2 हजार रुपये बचा लेता हूँ जिसका उपयोग घर के अन्य जरूरी कार्याे में करता हूं।
इसी तरह बलौदाबाजार नगर निवासी पिरीतराम धीवर ने कहा कि मैं अपने एवं घर के लिए हर महिने लगभग 9 सौ रुपये का दवाई निजी मेडिकल स्टोर से खरीदता था। अब मैं इन्ही दवाईयों को श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर से लगभग 550 रुपये में खरीदता हूं। इससे लगभग मुझे प्रतिमाह 350 रूपये की बचत होती है जो कि अन्य खर्चाे में उपयोग होता है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गरीब से गरीब व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने के लिए किए जाा रहे प्रयासों के अंतर्गत 20 अक्टूबर 2021 से श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के शहरी क्षेत्रों में जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स की स्थापना की गई है।


