Home Bahraich Bahraich : खेत गए किसान को मगरमच्छ ने बनाया निवाला

Bahraich : खेत गए किसान को मगरमच्छ ने बनाया निवाला

0
182

बहराइच : कैसरगंज रेंग के ग्राम भौंरी निवासी किसान को मगरमच्छ ने निवाला बना लिया। रविवार शाम को किसान का अधखाया शव नदी से बरामद हुआ है। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षत विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बहराइच वन प्रभाग के कैसरगंज वन रेंज अंतर्गत ग्राम भौंरी निवासी रामतेज (42) पुत्र लल्ली शनिवार को अपराह्न तीन बजे खेत के लिए घर से निकला था। देर रात तक किसान घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की, खोजबीन करते हुए सुबह हो गई। लेकिन किसान का पता नहीं चला।

रविवार को शाम चार बजे के आस-पास घाघरा नदी के कछार से बहने वाले भौंरी नदी में चरवाहों ने एक शव देखा। शव को मगरमच्छ खा रहे थे। चरवाहों ने लाठी मारकर मगरमच्छों को दूर खदेड़ा। इसके बाद शव को नदी से बाहर निकाला। सबको मगरमच्छ खा चुके थे, आधा ही सिरा शेष बचा था। घटना की जानकारी लोगों ने परिवार को दी।

बौंडी थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल कुमार यादव, वन दरोगा जुबेर खान समेत अन्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन दरोगा ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में किसान की मौत हुई है, इसकी जानकारी प्रभागीय वन अधिकारी को दी गई है।