spot_img

Ayodhyadham: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में जनसैलाब, नड्डा भी आज करेंगे दर्शन

अयोध्याधाम:(Ayodhyadham) बाईस जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Shri Ram Lalla) के बाद से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के आसपास आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को तेईस जनवरी से दर्शनों के लिए खोला जा चुका है। आज सुबह सात बजे से अब तक हजारों लोग श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। पहले दिन पांच लाख से अधिक श्रीरामभक्त दर्शनों के लिए प्रभु की जन्मभूमि पर पहुंचे। भीड़ के मद्देनजर हनुमान गढ़ी मंदिर के बाहर सुरक्षा और कड़ी की गई है। आज दर्शनों के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सपरिवार पहुंचने की संभावना है।

इस बीच श्रीरामभक्तों की बढ़ती अप्रत्याशित भीड़ से शासन और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। भीड़ नियंत्रण प्रबंधों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अयोध्याधाम पहुंचना पड़ा। उन्होंने हवाई सर्वे कर व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा प्रबंधों पर आरएएफ के डिप्टी कमांडेंट अरुण कुमार तिवारी का कहना है कि “कल लोगों को जो परेशानी हुई, आज हमने उसे दुरुस्त करने की कोशिश की है। हमारे लगभग 1000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। यह तैनाती आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।”

इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के भी आज अयोध्याधाम पहुंचने की संभावना है। कहा जा रहा है कि वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सपरिवार श्रीरामलला के दर्शन करेंगे। नड्डा के आगमन के मद्देनजर भाजपा की प्रदेश इकाई के शीर्ष पदाधिकारी कल ही श्रीरामनगरी पहुंच चुके हैं।

Explore our articles