अजमेर: (Ajmer) जिले की किशनगढ़ स्थित बांदरसिंदरी का राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार विवाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी ऑफिसर पर एक छात्रा की फोटो वायरल करने काे लेकर है। छात्रा की फोटो वायरल करने की जानकारी मिलते ही सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बीती रात सिक्योरिटी केबिन में जमकर तोड़फोड़ की। सीयूआर के छात्रों ने सिक्योरिटी ऑफिसर की कार्यप्रणाली पर भड़के और जमकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के गुस्साए छात्रों ने सिक्योरिटी ऑफिस में तोड़फोड़ करने के बाद पैदल मार्च करते हुए सीयूआर के गेट नंबर तीन पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन किया। हंगाम रात डेढ़ बजे तक चलता रहा।
सीयूआर के विद्यार्थियों ने सिक्योरिटी ऑफिसर पर एक छात्रा की फोटो वायरल करने का आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि सिक्योरिटी सुरक्षा के लिए है न कि प्राइवेसी के साथ खिलवाड़ करने के लिए। सिक्योरिटी ऑफिसर पर आरोप है कि एक छात्रा की फोटो सीसीटीवी के स्क्रीन से लेकर सभी सुरक्षा गार्डो में वितरित की। गार्डों से कहा कि उक्त छात्रा की व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, फाइनेंसियल बैंकग्राउंड और किस रूम में रहती है आदि एकत्र करें। जब गार्ड लड़कियों से उक्त लड़की का फोटो दिखाकर उससे संबंधित जानकारी इकट्ठा कर रहे थे तभी इसका खुलासा हुआ। यह बात विद्यार्थियों को पता चली तो वे आग बबूला हो गए।
इस पर देर रात सीयूआर के गुस्साए विद्यार्थियों ने सिक्योरिटी के काम आने वाली बोलेरो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की और सिक्योरिटी अधिकारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। देर रात गश्त के दौरान बांदरसिंदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को समझा बुझाकर छात्रों के गुस्से को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने विद्यार्थियों को रात होने के कारण सुबह पूरे मामले को देखने की बात कही। सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अभी तक इस मामले में किसी भी तरह का कोई बयान जारी नहीं किया है।
इस मामले में एसपी चूनाराम जाट सवेरे सेंट्रल यूनिवर्सिटी पहुंचे और एडिशनल एसपी वैभव शर्मा, उपाधीक्षक जरनैल सिंह ने पीड़ित लड़की व परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में लेकर कमरे को सीज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी चूनाराम जाट विद्यार्थियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन से बात कर रहे है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के सिक्योरिटी अधिकारी का गार्ड्स में काफी खौफ है। इसी वजह से एक गार्ड ने पूछताछ के दौरान जब छात्रा ने ऑब्जेक्शन किया तब उस गार्ड ने उसका मोबाइल छीनकर उक्त फोटो को जबरन डिलीट कर दिया। छात्राओं का आरोप है कि इस घटना के बाद लगता है कि पूर्व में एक छात्रा ने सुसाइड किया था उसका किसी न किसी तरह से इस सिक्योरिटी ऑफिसर के कोई न कोई कनेक्शन जरूर है। इसलिए इसकी तहकीकात होनी चाहिए।


