Ajmer : भाजयुमो ने आरपीएससी का घेराव किया, पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ा, कई कार्यकर्ता घायल

0
165

अजमेर: (Ajmer) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मंगलवार को आरपीएससी का घेराव किया। आरपीएससी की ओर बढते कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका। प्रदर्शन कर रहे लोग बैरिकेड्स पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने लाठिया भांजकर खदेड़ा। इस दौरान भाजयुमो प्रदेशअध्यक्ष अंकित चेची समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। सभी घायलों को जेएलएन हॉस्पिटल अजमेर में भर्ती कराया गया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व अलवर सांसद बालकनाथ घायलों से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे।

इससे पहले महाघेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि हंगामा खड़ा करना मकसद नहीं है, राजस्थान की सरकार बदलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए कईं वादे किए लेकिन धोखा दिया। बेरोजगारी भत्ता देंगे, लेकिन नहीं दिया। संविदाकर्मी को नियमित करेंगे लेकिन संविदाकर्मी आज सड़कों पर आन्दोलन कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शन करने पहुंचे युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें चेताया कि हंगामा खड़ा करना मकसद नहीं, ये सरकार बदलनी चाहिए। उन्होंने हाथ खडे़ करवाकर सरकार को उखाड़ फैंकने का युवाओं का आह्वान किया। साथ ही अफसरों व सरकार के नुमाईदों को ललकारा कि तीन माह बाद भाजपा आने वाली है तब पेपर चोरों को सजा दिलाएंगे।

युवाओं के भविष्य के साथ किया कांग्रेस सरकार ने खिलवाड़ -बालकनाथ

सांसद बालकनाथ ने कहा कि साढे़ चार साल की कांगेस सरकार ने पेपर लीक करवा कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। चुनाव सिर पर है तो कार्रवाई का दिखावा कर रही है। जनता इनको माफ नहीं करेगी। ये पहले पकड़ते हैं और फिर उनको जमानत पर छुड़ाने के लिए प्रयास शुरू कर देते हैं। बाबूलाल कटारा पेपर लीक में पकड़ा लेकिन न तो उसके घर पर बुलडोजर चलाया और न सम्पति कुर्क की।

कांग्रेस सरकार में युवाओं के साथ धोखा हुआ-चेची

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची ने कहा कि कांग्रेस सरकार में युवाओं के साथ धोखा हुआ। प्रदेश के युवाओं ने इस बार कमर कस ली है राजस्थान में भाजपा की सरकार लानी हैं। राजस्थान लोक सेवा आयोग के दलालों को बाहर निकाल कर बेनकाब करना है। कांग्रेस नेता व आयोग सदस्य तक पेपर लीक मामले में पकडे़ जा रहे हैं यह युवाओं के साथ धोखा है। यह युवा विरोधी सरकार है और अब इसके दिन पूरे हुए।

डेढ़ करोड़ में मिला कटारा को पद-देवनानी

विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि कांग्रेस के सारे वादे झूठे वादे साबित हुए। वोट लेकर सरकार में आ गए और सरकार में आने के बाद जिस तरह से युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ किया है। वह उचित नहीं है। दोनों संविधानिक संस्थाओं के प्रतिष्ठा देशभर में थी लेकिन कांग्रेस सरकार के द्वारा की गई नियुक्ति के बाद भ्रष्टाचार भरा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग में आरएएस 2021 के इंटरव्यू चल रहे हैं। स्कूल लेक्चरर परीक्षा के भूगोल विषय की काउंसलिंग जारी है। आयोग परिसर के 300 मीटर के दायरे में धारा 144 लगी है। प्रदर्शन को देखते हुए अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे।

करीब तीन घंटे देरी से शुरू हुआ महाघेराव

भाजयुमो का आरपीएससी महाघेराव कार्यक्रम करीब तीन घंटे देरी से शुरू हुआ। सभा स्थल से आरपीएससी के लिए रवाना होते समय कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग भी गिरा दिए। जब कार्यकर्ता आरपीएससी की ओर कूच कर रहे थे तब वहां मौजूद पुलिस जाब्ते से धक्का मुक्की हुई। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, अलवर सांसद बालकनाथ सहित अन्य भी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डंडे मार कर नीचे गिराया और हटाया। ऐसे में पुलिस से झड़प भी हुई। एसपी चूनाराम जाट खुद मौके पर मौजूद रहे। पुलिस जाब्ते को दरकिनार कर बेरीगेटिंग हटाते हुए कार्यकर्ताओं की भीड़ आरपीएससी की तरफ बढ़ गई। लेकिन थोड़ी सी दूर पर ही पुलिस ने फिर से घेराबंदी कर रोक लिया। मौके पर कार्यकर्ता हंगामा कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, सासंद बाल नाथ, प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची, सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, सुरेश रावत आदि शामिल हुए।।