spot_img

Ahmedabad : कोस्ट गार्ड ने भारतीय जल सीमा से पकड़ी पाकिस्तानी बोट, मछुआरे हिरासत में

आईसीजीएस अरिंजय ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास 15 किमी. अंदर पकड़ी नाव
ओखा बंदरगाह पर चालक दल से विभिन्न एजेंसियां कर रही हैं गहन जांच और संयुक्त पूछताछ
अहमदाबाद : (Ahmedabad)
अरब सागर में गश्त के दौरान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (International Maritime Boundary Line) के पास पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली एक नाव को भारतीय कोस्ट गार्ड (Indian Coast Guard) ने पकड़ा है। पाकिस्तानी नाव पर सवार मछुआरों ने मछली पकड़ने के बहाने भारतीय जल क्षेत्र में लगभग 15 किमी. अंदर घुसपैठ की थी। नाव को ओखा बंदरगाह लाया गया है, जहां पाकिस्तानी मछुआरों से विभिन्न एजेंसियां गहन जांच और संयुक्त पूछताछ कर रही हैं।

गुजरात के रक्षा प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि भारतीय कोस्ट गार्ड का जहाज आईसीजीएस अरिंजय नियमित गश्त पर था। भारतीय जवानों ने मंगलवार को अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास गश्त के दौरान एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को देखा। यह नाव भारतीय जल क्षेत्र में लगभग 15 किमी अंदर घुसपैठ करके आ गई थी। चेतावनी दिए जाने पर नाव पाकिस्तान की ओर भागने लगी, लेकिन आईसीजी जहाज ने नाव को भारतीय जल सीमा में रोक दिया।

प्रवक्ता के अनुसार जांच-पड़ताल के दौरान पता चला कि पाकिस्तानी बोट का नाम पीएफबी नाज़-रे-करम है और इसकी पंजीकृत संख्या 15653-बी है। यह नाव 19 नवंबर को 13 चालक दल के साथ कराची से रवाना हुई थी। पाकिस्तानी चालक दल ने भारतीय आईसीजी अधिकारियों के सामने धोखे से भारतीय जल क्षेत्र में आने की बात कही, लेकिन इसे उचित नहीं ठहराया जा सका। इसके बाद नाव को संयुक्त पूछताछ के लिए ओखा बंदरगाह लाया गया है, जहां विभिन्न एजेंसियां गहन जांच और पूछताछ कर रही हैं।

Explore our articles