
मुंबई : (Mumbai) लोकप्रिय क्राइम फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ (Mirzapur) अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। निर्माता फरहान अख्तर (Producer Farhan Akhtar) की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का दमदार टीजर जारी कर दिया है। टीजर में एक्शन, खून-खराबा, सत्ता संघर्ष और बदले की कहानी की झलक दिखाई गई है। खास बात यह है कि दर्शकों के पसंदीदा किरदार कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं।
टीजर की शुरुआत कालीन भैया के संवाद से होती है, जिसमें वह कहते हैं, “काबिल औलाद बहुत मुश्किल से मिलती है और कभी-कभी नहीं मिलती है।” इसके बाद गुड्डू पंडित का दबदबा और मिर्जापुर की गद्दी को लेकर छिड़ी जंग की झलक दिखाई देती है। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, रसिका दुग्गल और अभिषेक बनर्जी (Ali Fazal, Pankaj Tripathi, Divyendu Sharma, Rasika Duggal, and Abhishek Banerjee) अपने चर्चित किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं रवि किशन और जितेंद्र कुमार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिनके किरदार कहानी में नया मोड़ लाने वाले हैं।
टीजर से साफ है कि इस बार मिर्जापुर की सत्ता के लिए संघर्ष पहले से कहीं ज्यादा खूनी और खतरनाक होने वाला है। सत्ता, विश्वासघात और बदले की इस कहानी को बड़े पैमाने पर पेश किया जा रहा है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह (directed by Gurmeet Singh) ने किया है, जबकि फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





