
मुंबई : (Mumbai) चर्चित रियलिटी शो ‘लॉकअप’ का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। इस बार शो का नया अवतार नेटफ्लिक्स पर देखने को मिलेगा, जहां इसकी मेजबानी अभिनेता रितेश देशमुख और फिल्म निर्माता-कोरियोग्राफर फराह खान (actor Riteish Deshmukh and filmmaker-choreographer Farah Khan) करते नजर आएंगे। शो के लॉन्च इवेंट के दौरान हालांकि एक सवाल ने माहौल को थोड़ा गंभीर बना दिया, जब रितेश देशमुख एक मीडियाकर्मी के सवाल पर नाराज हो गए।
लॉन्च इवेंट में उठा विवादित सवाल
मुंबई में आयोजित ‘लॉकअप: सच या सजा’ के लॉन्च कार्यक्रम में एक पत्रकार ने रितेश से सवाल किया कि उनके करीबी दोस्त सलमान खान और संजय दत्त (Salman Khan and Sanjay Dutt) को जेल जाने का अनुभव रहा है, तो क्या वे उन्हें शो में प्रतियोगी के रूप में शामिल करना चाहेंगे और उन्हें क्या सजा देंगे?
यह सवाल सुनते ही रितेश ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “सबसे पहले मुझे नहीं लगता कि आपके सवाल का जवाब देकर मैं उसे कोई गरिमा देना चाहूंगा।” अभिनेता के इस जवाब के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी उनकी प्रतिक्रिया का समर्थन किया। रितेश ने आगे स्पष्ट किया कि शो में प्रतिभागियों के चयन की जिम्मेदारी उनकी नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें नहीं लाऊंगा क्योंकि मेरा काम शो को होस्ट करना है। ‘लॉकअप’ (Lockup) में जो भी प्रतिभागी या मेहमान आते हैं, हम उनसे बातचीत करते हैं और शो को आगे बढ़ाते हैं।”
सलमान और संजय का रहा है कानूनी विवादों से नाता
गौरतलब है कि सलमान खान को वर्ष 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले में सजा सुनाई गई थी, जबकि संजय दत्त को 1993 मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल जाना पड़ा था। पत्रकार का सवाल इन्हीं मामलों के संदर्भ में पूछा गया था, जिसे रितेश ने अनुचित मानते हुए जवाब देने से इनकार कर दिया।
27 जून से शुरू होगा नया सीजन
नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाला ‘लॉकअप 2’ 27 जून से स्ट्रीम होगा। इस बार शो नए फॉर्मेट, नए होस्ट्स और कई चर्चित प्रतिभागियों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। रितेश देशमुख और फराह खान (Riteish Deshmukh and Farah Khan) की जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।





