
नई दिल्ली : (New Delhi) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) (Board of Control for Cricket in India) ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए रविवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय टीम में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Star batsman Virat Kohli) की वापसी हुई है। हालांकि, फिटनेस टेस्ट में पास होने पर ही वो इस सीरीज में भाग ले पाएंगे।
कोहली को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) (Indian Premier League) 2026 के फाइनल में हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Fast bowler Jasprit Bumrah) भी वनडे टीम में लौटे हैं। बुमराह आखिरी बार 2023 वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय टीम के लिए 50 ओवर का क्रिकेट खेले थे। इसके अलावा ऑलराउंडर अक्षर पटेल (Axar Patel) भी वनडे टीम में शामिल किए गए हैं। अक्षर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) को इस सीरीज में मौका नहीं मिला है। यशस्वी ने चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 110 रन बनाए थे। यशस्वी को कोहली के चोटिल होने पर ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में चुना गया था। अब इंग्लैंड के खिलाफ कोहली की वापसी के बाद उनकी जगह नहीं बन पाई।
भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार।
इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम पांच टी-20 और तीन वनडे मैच खेलेगी। टी-20 टीम का ऐलान पहले ही हो चुका है। टी-20 सीरीज एक जुलाई से शुरू होगी। इसके बाद 14 जुलाई से वनडे सीरीज खेली जाएगी।
बीसीसीआई ने यह भी बताया कि स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। चक्रवर्ती आईपीएल 2026 के दौरान बाएं पैर में चोट लगने के बाद बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपने रिहैब के आखिरी दौर में हैं।
आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारत की अपडेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।





