
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र की नगर परिषदों और नगर पंचायतों (municipal councils and nagar panchayats) की 38 रिक्त सीटों के लिए शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इन उपचुनावों में औसतन 71.84 प्रतिशत मतदान होने का प्रारंभिक अनुमान है। वोटो की गिनती 21 जून को होगी।
राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य के 14 जिलों की 8 नगर परिषदों और 14 नगर पंचायतों में कुल 47 रिक्त पदों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया था। इनमें 8 सीटें निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं, जबकि तीर्थपुरी नगर पंचायत में नामांकन नहीं मिलने से वहां चुनाव नहीं हुआ। इसके बाद शेष 38 सीटों के लिए राज्यभर के 51 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया। आम चुनाव वाली सीटों पर औसतन 72.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उपचुनावों में औसतन 71.55 प्रतिशत मतदान होने का प्रारंभिक अनुमान है। कई नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) (Electronic Voting Machines) को सीलबंद कर सुरक्षा कक्षों में जमा कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे (Dinesh Waghmare) ने बताया कि इन चुनावों की मतगणना 21 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।





