
कल्याण : (Kalyan) महाराष्ट्र के कल्याण शहर के चिकनिपाड़ा क्षेत्र (Chiknipada area of Kalyan city, Maharashtra) में शुक्रवार तड़के मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। श्री विठ्ठल मंदिर (Shri Vitthal Temple) के बाहर एक पेड़ के नीचे रखे कचरे के डिब्बे में एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मंदिर परिसर में आने वाले लोगों की नजर एक संदिग्ध बोरी पर पड़ी। जब लोगों ने उसकी जांच की तो भीतर एक नवजात बच्ची मिली। बच्ची के जीवित होने का पता चलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
महिला ने अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
स्थानीय निवासी पूजा दावेकर (Pooja Davekar) ने मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को तत्काल रुक्मिणीबाई अस्पताल (Rukminibai Hospital) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की प्राथमिक जांच कर आवश्यक उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार नवजात की उम्र लगभग छह से सात दिन है। चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। डॉक्टर सुलोचना त्रिभुवन (Dr. Sulochana Tribhuvan) की देखरेख में उसे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। अस्पताल प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बच्ची की सुरक्षा और उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए उसे नवजात शिशु गृह भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कोलसेवाड़ी पुलिस (Kolsewadi police) मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बच्ची को वहां छोड़कर जाने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके। पुलिस आसपास के दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और मंदिर से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा





