
नई दिल्ली : (New Delhi) देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत (prices of LPG cylinders) में एक बार फिर बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। हालांकि कीमत में की गई ये वृद्धि सिर्फ 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर और पांच किलोग्राम वाले छोटू सिलेंडर तक ही सीमित है। घरेलू इस्तेमाल में आने वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर (LPG cylinders) की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये से लेकर 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। सिलेंडर की नई कीमत आज से ही लागू हो गई है।
इससे पहले पिछले महीने की पहली तारीख यानी एक मई को कमर्शियल सिलेंडर (commercial cylinders) की कीमत में लगभग एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। दिल्ली में ये बढ़ोतरी 993 रुपये की थी, जबकि कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 998.50 रुपये हो गई थी। इसी तरह मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर 990.50 रुपये महंगा हो गया था।
कीमत में आज की गई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर (commercial LPG cylinder) की कीमत 3,113.50 रुपये और कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ कर 3,255.50 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है। मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर आज सुबह से 3,063.50 रुपये के भाव पर मिल रहा है, जबकि चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ कर 3,281.50 रुपये हो गई है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की तरह ही छोटू सिलेंडर के नाम से मशहूर पांच किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (Free Trade LPG) (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी आज से 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद पांच किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 821.50 रुपये से लेकर 832.50 रुपये तक हो गई है।
जहां तक घरेलू इस्तेमाल में आने वाले 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की बात है, तो इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में आखिरी बार बदलाव इस साल सात मार्च 2026 को हुआ था। सात मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्य में 60 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी। देश की प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (Indian Oil Corporation) द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत फिलहाल में दिल्ली में 913 रुपये है। इसी तरह मुंबई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 912.50 रुपये के स्तर पर है। वहीं, कोलकाता में उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर 939 रुपये के भाव पर मिल रहा है, जबकि चेन्नई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (domestic LPG cylinder) की कीमत फिलहला 928.50 रुपये है।


