
मुंबई : (Mumbai) ‘चांद मेरा दिल’ (Chand Mera Dil) आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी (Ananya Panday and Lakshya Lalwani) अभिनीत इस रोमांटिक फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, लेकिन इसका असर बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन देखने को नहीं मिला। निर्माताओं ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए टिकटों की कीमत कम रखी थी। शाम 5 बजे से पहले के शो के टिकट 149 रुपये और बाद के शो के टिकट 199 रुपये में उपलब्ध थे, लेकिन इसके बावजूद फिल्म पहले दिन सिर्फ 2.90 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकी। हालांकि, इसने फिल्म एक दिन के 1.15 करोड़ रुपये के ओपनिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
फिल्म की कमाई भले उम्मीद से कम रही हो, लेकिन यह लक्ष्य लालवानी के करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साबित हुई है। इससे पहले उनकी 2024 में रिलीज हुई फिल्म किल ने पहले दिन 1.35 करोड़ रुपये कमाए थे। ऐसे में ‘चांद मेरा दिल’ ने लक्ष्य के करियर में नई उपलब्धि दर्ज कर ली है। फिल्म की आगे की कमाई अब वीकेंड और दर्शकों के वर्ड ऑफ माउथ (word-of-mouth) पर निर्भर करेगी।
दूसरी ओर ‘पति पत्नी और वो दो’ की कमाई लगातार गिरती जा रही है। आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान और वामिका गब्बी (Ayushmann Khurrana, Rakul Preet Singh, Sara Ali Khan, and Wamiqa Gabbi) स्टारर इस फिल्म ने 8वें दिन सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये कमाए हैं और इसका कुल घरेलू कारोबार 30.40 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं ‘करुप्पु’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। सूर्या अभिनीत इस फिल्म ने 8वें दिन 7.80 करोड़ रुपये कमाए और महज 8 दिनों में दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।


