
नई दिल्ली : (New Delhi) सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) में केंद्र सरकार की चार फीसदी हिस्सेदारी के लिए बिक्री पेशकश (Offer for Sale) (OFS) 31 रुपये प्रति शेयर की दर से शुक्रवार को संस्थागत निवेशकों के लिए खुल गई । खुदरा निवेशक सोमवार को इस शेयर बिक्री के लिए बोली लगा सकेंगे।
सेंट्रल बैंक का यह 31 रुपये प्रति शेयर का न्यूनतम मूल्य बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (Bombay Stock Exchange) (BSE) पर गुरुवार को इसके शेयर के 33.91 रुपये के बंद भाव से 8.58 फीसदी कम है। बीएसई पर इस बैंक के शेयर आज 32.06 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। यह पिछले दिन के बंद भाव से 5.46 फीसदी कम है।
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (Securities and Exchange Board of India) (SEBI) के मुताबिक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की इस बिक्री पेशकश में अतिरिक्त चार फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए ग्रीनशू विकल्प भी शामिल है। इस सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में आठ फीसदी हिस्सेदारी बिक्री से केंद्र को 2,456 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।
यह बिक्री पेशकश सरकार को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (Securities and Exchange Board of India) (SEBI) के न्यूनतम सार्वजनिक हिस्सेदारी मानक को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगी। सेबी के अनुसार, सभी सूचीबद्ध कंपनियों में कम से कम 25 फीसदी तक सार्वजनिक हिस्सेदारी होना अनिवार्य है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) में सरकार के पास वर्तमान में 89.27 फीसदी हिस्सेदारी है। यदि सरकार ग्रीनशू विकल्प का उपयोग करती है तो बैंक में उसकी हिस्सेदारी घटकर 81.27 फीसदी रह जाएगी। उललेखनीय है कि सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 में बिक्री पेशकश के जरिये बैंक ऑफ महाराष्ट्र से 2,624 करोड़ रुपये और इंडियन ओवरसीज बैंक (Indian Overseas Bank) से 1,419 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई है।


