
लखनऊ : (Lucknow) उत्तर प्रदेश सरकार (Uttar Pradesh government) ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) (Dearness Allowance) में दो फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। बढ़ा हुआ भत्ता एक जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
सरकार के फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बढ़े हुए डीए का भुगतान राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मियों को भी किया जाएगा।
इसके अलावा शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारी, कार्य प्रभारित कर्मचारी तथा यूजीसी वेतनमान (UGC pay scale) में कार्यरत पदधारक भी इस फैसले के दायरे में आएंगे।
सरकार के इस निर्णय को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि महंगाई के बढ़ते दबाव के बीच वेतन भत्तों में वृद्धि की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इस दो फीसदी डीए वृद्धि का लाभ करीब 16 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा।
60 फीसद हुआ महंगाई भत्ता
वर्तमान बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 60 फीसदी तक पहुंच गया है। इसका लाभ केवल नियमित राज्य कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें राज्य कर्मचारी, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मी, शहरी निकायों के नियमित कर्मचारी, कार्यप्रभारित कर्मचारी और यूजीसी वेतनमान पाने वाले पदधारक भी शामिल हैं।


