
केतन कुशवाहा होंगे कप्तान
भोपाल : (Bhopal) हॉकी इंडिया (Hockey India) ने जापान में होने वाले पुरुष अंडर-18 एशिया कप काकामिगाहारा 2026 (Men’s Under-18 Asia Cup Kakamigahara 2026) के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक खेला जाएगा।
भारतीय टीम का चयन भोपाल स्थित उदय दास मेहता (Bhai Ji) केंद्रीय साई केंद्र में राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के बाद किया गया। टीम के कोचिंग स्टाफ में पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा (former Indian captain Sardar Singh and Rajneesh Mishra) शामिल रहे। टीम ने टूर्नामेंट की तैयारी के तहत ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीम के खिलाफ चार मैचों की एक्सपोजर सीरीज भी खेली। फॉरवर्ड खिलाड़ी केतन कुशवाहा को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मुकाबला जीता, एक हारा जबकि दो मैच ड्रॉ रहे।
एशिया कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत 29 मई को कजाकिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद 31 मई को मेजबान जापान से मुकाबला होगा। भारतीय टीम 1 जून को दक्षिण कोरिया और 3 जून को चीनी ताइपे के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 5 जून को और फाइनल 6 जून को खेला जाएगा।
टीम चयन पर कोच सरदार सिंह (Coach Sardar Singh) ने कहा, “चयन प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी रही, लेकिन हमने ऐसी 18 सदस्यीय टीम चुनी है जो हमें बेहतरीन संतुलन देती है। भोपाल में प्रशिक्षण और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मैचों से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के दबाव और खेल की गति को समझने का मौका मिला। हमने पिछले कुछ सप्ताहों में रणनीति, पेनल्टी कॉर्नर और टीम संरचना पर काफी काम किया है। खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा है और हमारा लक्ष्य एशिया कप जीतना है।”
भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम:
गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक
डिफेंडर: अंश बहुत्रा, अरमान सोरेंग, आशीष तानी पूर्ति, अर्शदीप सिंह, अवि मानिकपुरी, रोमित पाल
मिडफील्डर: राहुल यादव, प्रेमचंद सोय, वरिंदर सिंह, करण गौतम, सिद्धार्थ बेन
फॉरवर्ड: केतन कुशवाहा (कप्तान), आकाश दीप, गाजी खान, शाहरुख अली, प्रह्लाद राजभर।
भारत के मुकाबलों का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार):
29 मई: भारत बनाम कजाकिस्तान – सुबह 9:30 बजे
31 मई: भारत बनाम जापान – दोपहर 1:30 बजे
1 जून: भारत बनाम दक्षिण कोरिया – दोपहर 3:30 बजे
3 जून: भारत बनाम चीनी ताइपे – दोपहर 1:30 बजे


