
कांकेर : (Kanker) छत्तीसगढ़ के कांकेर (Kanker district of Chhattisgarh) जिले से मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौकरी दिलाने के नाम पर छत्तीसगढ़ की करीब 35 युवतियों को झारखंड ले जाकर कथित रूप से बंधक बनाए जाने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि बंधक बनाई गई युवतियों में कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र की कई लड़कियां भी शामिल हैं। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्गूकोंदल की एक युवती ने गांव में संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई। युवती ने बताया कि उन्हें रोजगार का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया और वहां जबरन रोका जा रहा है।
इसके बाद सोशल मीडिया पर युवतियों के वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों में दहशत फैल गई और इलाके में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। परिवारों ने प्रशासन से बेटियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
विशेष टीम जाएगी झारखंडः कलेक्टर
कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार झीरसागर (Kanker Collector Nilesh Kumar Kshirsagar) ने कहा कि प्रशासन को मामले की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि संपर्क स्थापित होते ही विशेष टीम को झारखंड भेजा जाएगा ताकि युवतियों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता (Lalit Nareti) ने सक्रिय पहल करते हुए झारखंड प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क साधा। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
तस्करी का संगठित गिरोह सक्रिय
इस घटना ने एक बार फिर रोजगार के नाम पर हो रही मानव तस्करी (human trafficking) के संगठित नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और नौकरी के झांसे का फायदा उठाकर युवतियों को दूसरे राज्यों में ले जाने की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और ग्रामीण इलाकों में सुरक्षित रोजगार व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


