
विरार : (Virar) विरार पश्चिम के गोकुल टाउनशिप (Gokul Township area of Virar) इलाके में बुधवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। शादी के प्रस्ताव को ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां की उनके ही घर में घुसकर नृशंस हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी ने खुद को भी जलाने और खत्म करने की कोशिश की।
मां-बेटी की चाकू गोदकर हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, नालासोपारा निवासी शिवम उपाध्याय (27) और नैन्सी मिश्रा (24) (Shivam Upadhyay (27), a resident of Nalasopara, and Nancy Mishra (24)) के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, नैन्सी की मां सरिता मिश्रा (48) इस रिश्ते के खिलाफ थीं, जो शिवम की नाराजगी का मुख्य कारण बना। बुधवार दोपहर शिवम, नैन्सी के विरार स्थित फ्लैट (नं. 301) में शादी की बात करने पहुँचा था। बातचीत के दौरान फिर से विवाद शुरू हुआ और शिवम ने आपा खो दिया। उसने कथित तौर पर पहले से योजना के तहत फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और रसोई में रखे चाकू से नैन्सी और सरिता पर ताबड़तोड़ 8 से 10 बार वार किए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी का आत्मघाती कदम
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी शिवम ने खुद को भी खत्म करने का प्रयास किया। उसने पहले ब्लेड से अपने गले पर वार किया और फिर घर की रसोई गैस चालू कर खुद को आग लगाने की कोशिश की। जब पुलिस और दमकल विभाग (police and fire department) की टीम खिड़की के रास्ते अंदर दाखिल हुई, तो शिवम 40 फीसदी जल चुका था।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस
मिश्रा परिवार के घर से आ रही चीख-पुकार और लड़ाई की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। घर के भीतर से गैस की दुर्गंध आने के कारण पुलिस ने दमकल विभाग की मदद ली। समय रहते आरोपी को बाहर निकालकर मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले (Prakash Kavale, Senior Police Inspector at the Bolinj Police Station) बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और शिवम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा।


