
लखीमपुर खीरी : (Lakhimpur Kheri) लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र (Palia region of Lakhimpur Kheri) में आयोजित एक बड़े सरकारी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने थारू समाज (Tharu community) से जुड़े लोगों के लिए अहम घोषणाएं करते हुए कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान थारू समुदाय के लोगों पर दर्ज किए गए मुकदमों को वर्तमान सरकार वापस लेगी, ताकि उन्हें न्याय और सम्मान मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में अपराध और माफिया तत्वों को संरक्षण मिलता था, जबकि जनजातीय और संघर्षशील समाजों को उत्पीड़न का सामना करना पड़ता था। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब राज्य में कानून का राज है और किसी भी व्यक्ति को अन्याय का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अपराध और माफिया गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
6706 परिवारों को अधिकार पत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भूमि अधिकारों से जुड़े एक बड़े कदम के तहत कुल 6706 परिवारों को भौमिक अधिकार पत्र (Bhaumik Adhikar Patra) वितरित किए। इनमें नदी कटान से प्रभावित 2350 परिवार और थारू जनजाति के 4356 परिवार शामिल हैं। लंबे समय से भूमि स्वामित्व के अधिकार से वंचित इन परिवारों को पहली बार आधिकारिक तौर पर जमीन का मालिकाना हक मिला है।
817 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पलिया, श्रीनगर, निघासन और गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्रों में 817 करोड़ रुपये लागत की 314 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, बुनियादी ढांचा, सिंचाई और अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
1976 में हुई थी भूमि देने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा, कई पीढ़ियां बीत जाने के बावजूद यह समस्या बनी रही, जिसे अब वर्तमान सरकार दूर कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1976 में थारू समाज को भूमि देने की पहल हुई थी, लेकिन उसे अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
मकान की चाबी, नियुक्ति पत्र वितरित
मुख्यमंत्री ने आवास योजना के तहत घरों की चाबियां, आंगनवाड़ी भर्ती के तहत नियुक्ति पत्र और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (‘One District-One Product’) सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरित किए। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और नाबार्ड से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति की सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय अपनी परंपराओं और विरासत को संजोकर रखे हुए है, जो प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाता है।


