
नासिक : (Nashik) जिले (Nashik district) में एक कार के कुएं में गिरने से एक परिवार के छह बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे डिंडोरी शहर के शिवाजी नगर (Shivaji Nagar area of Dindori town) इलाके में हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवार एक बैंक्वेट हॉल में फंक्शन में शामिल होने के बाद घर जा रहे थे, तभी उनकी कार वेन्यू के पास एक कुएं में गिर गई। लोग मौके पर पहुंचे और आधी रात को दो क्रेन और तैराकों की मदद से कार और उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, मरने वालों की पहचान सुनील दत्तू दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, एक अन्य महिला आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के छह बच्चों (पांच लड़कियां और एक लड़का) के रूप में हुई है।
मालिक पर केस, मृतकों के परिजनों को 5 लाख की मदद
दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने कुएं के मालिक राजेंद्र राजे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मंत्रियों ने किया घटनास्थल का दौरा
हादसे के बाद मंत्री गिरीश महाजन और मंत्री नरहरि झिरवाल ने , (Ministers Girish Mahajan and Narhari Zirwal) घटनास्थल का दौरा किया। गिरीश महाजन ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और जिला प्रशासन को खतरनाक कुएं को तत्काल बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार अब सड़कों के किनारे स्थित सभी कुओं का सर्वे भी कराएगी।
नासिक हादसे पर क्या बोले सीएम फडणवीस?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया है। उन्होंने कहा कि अगर कुएं की सुरक्षा दीवार ऊंची होती, तो शायद इस त्रासदी को टाला जा सकता था। मुख्यमंत्री ने राज्यभर के सार्वजनिक क्षेत्रों में स्थित खुले कुओं की तत्काल सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं।


