
नई दिल्ली : (New Delhi) निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक एचडीएफसी बैंक (private sector lender HDFC Bank) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी–मार्च) के लिए जारी व्यावसायिक अपडेट में ऋण और जमा दोनों मोर्चों पर वृद्धि दर्ज की है। बैंक के कुल अग्रिम (लोन बुक) में सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो 31 मार्च 2026 तक 29.60 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
बैंक द्वारा शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, एक वर्ष पहले इसी अवधि में कुल अग्रिम 26.43 लाख करोड़ रुपये थे। इसी तरह, कुल जमा (डिपॉजिट) में 14.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो बढ़कर 31.05 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 27.14 लाख करोड़ रुपये था।
जमा धनराशि भी 12.3% बढ़ी
जमा संरचना में भी विस्तार देखा गया। चालू और बचत खाते (CASA) में जमा 12.3 प्रतिशत बढ़कर 10.6 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले 9.4 लाख करोड़ रुपये था। वहीं, समयबद्ध जमा (टर्म डिपॉजिट) 15.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 20.45 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष 17.7 लाख करोड़ रुपये था।
बैंक ने नियामकीय फाइलिंग में बताया कि यह आंकड़े प्रारंभिक व्यावसायिक अपडेट (preliminary business updates) हैं। एचडीएफसी बैंक 18 अप्रैल 2026 को अपनी चौथी तिमाही के विस्तृत वित्तीय परिणाम जारी करेगा।


