spot_img

East Champaran : जहरीली शराब कांड: अब तक छह मौतें

East Champaran: Toxic Liquor Tragedy – Death Toll Rises to Six

पूर्वी चंपारण : (East Champaran) जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना (Turkaulia and Raghunathpur police station) क्षेत्रों में कथित जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर छह हो गया है। घटना के बाद एक दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़े हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और कुछ लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की भी सूचना है। सभी घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

प्रशासन के अनुसार मृतकों में जयसिंहपुर पुलवाघाट निवासी चंदू प्रसाद, परसौना के प्रमोद यादव और परिक्षण मांझी, बालगंगा के सम्पत साह तथा हरदिया के हरी भगत और लालकिशोर राय शामिल हैं। वहीं विनोद साह, राहुल पासवान, लोहा ठाकुर और लड्डू साह समेत कई अन्य की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गंभीर रूप से बीमार लड्डू साह और विनोद साह को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम परसौना और बालगंगा क्षेत्रों में शराब सेवन के बाद देर रात लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। लगातार हो रही मौतों से बालगंगा, लक्ष्मीपुर, गदरिया, परसौना और हरदिया (Balganga, Laxmipur, Gadariya, Parsauna, and Hardiya) गांवों में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी (Umashankar Manjhi, the Station House Officer (SHO) of Turkaulia) को निलंबित कर दिया है। वहीं चौकीदार भरत यादव को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर मुख्य आरोपी नागा राय से सांठगांठ का आरोप है।

एफआईआर दर्ज, आठ संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस ने नागा राय समेत कुल आठ कथित शराब कारोबारियों को हिरासत में लिया है और सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। रघुनाथपुर और तुरकौलिया थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रमोद यादव की पत्नी सुगंति देवी की तहरीर पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें जहरीली शराब से मौत का आरोप लगाया गया है।

प्रभावित गांवों में लगाया गया हेल्थ कैंप
जिला प्रशासन ने प्रभावित गांवों में मेडिकल कैंप स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में कैंप कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। डीआईजी हरकिशोर राय ने कहा कि सभी पीड़ितों को समुचित उपचार दिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

शराब में मेथनॉल के मिलावट की पुष्टि
इसी बीच, पीपराकोठी क्षेत्र में चल रही छापेमारी के दौरान करीब 700 लीटर स्प्रिट बरामद किया गया है। जांच में इसमें मेथनॉल की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के अनुसार, यदि यह खेप बाजार में पहुंच जाती तो बड़े पैमाने पर जनहानि हो सकती थी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त स्प्रिट की आपूर्ति किन-किन स्थानों और लोगों तक की गई थी।

Explore our articles