
नई दिल्ली (New Delhi) : घरेलू सर्राफा बाजार (domestic bullion market) में आज बिना किसी बदलाव के कारोबार शुरू करने वाली हाजिर चांदी की कीमत (price of spot silver) में दोपहर के वक्त 300 से लेकर 400 रुपये प्रति किलोग्राम की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। कीमत में आई इस कमजोरी के बाद देश के अलग अलग सर्राफा बाजारों में आज दोपहर एक बजे चांदी 2,44,400 रुपये प्रति किलोग्राम से लेकर 2,55,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव पर बिक रही थी।
दिल्ली सर्राफा बाजार (Delhi bullion market) में चांदी आज 300 रुपये प्रति किलोग्राम फिसल कर 2,44,600 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 300 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ 2,44,400 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है। जबकि जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,44,700 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है।
वहीं बेंगलुरु (Bengaluru) में चांदी 400 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती होकर 2,44,900 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 300 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ 2,44,500 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसके अलावा हैदराबाद में चांदी 400 रुपये प्रति किलोग्राम की कमजोरी के साथ 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है। देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत चेन्नई में है, जहां ये चमकीली धातु (precious white metal) आज 300 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2,55,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।
बुलियन मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन (Bullion market expert Mayank Mohan) का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड में काफी गिरावट आ गई है। जनवरी के महीने तक इंडस्ट्रियल डिमांड में तेजी आने के कारण लंदन सिल्वर मार्केट में डिमांड की तुलना में सप्लाई नहीं हो पा रही थी, जिसकी वजह से चांदी के भाव चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए थे।
दूसरी ओर, फिलहाल इंडस्ट्रियल डिमांड (industrial demand) में कमी आने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की उपलब्धता बढ़ गई है। इसकी वजह से चांदी अपने ऑल टाइम हाई से डेढ़ लाख रुपये प्रति किलोग्राम से भी ज्यादा लुढ़क गई है। मयंक मोहन का मानना है कि कीमत में आई गिरावट के बावजूद अभी छोटे निवेशकों को संभल कर अपनी निवेश योजना बनानी चाहिए, अन्यथा उन्हें बड़े नुकसान का भी सामना करना पड़ सकता है।


