
नई दिल्ली : (New Delhi) केंद्र सरकार (Central Government) ने शुक्रवार को भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर द्विपक्षीय बातचीत रुक जाने का दावा करने वाली खबरों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए बातचीत का सिलसिला जारी है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (Ministry of Commerce and Industry) ने आज एक बयान में कहा कि हमने अमेरिका के साथ चल रही व्यापार वार्ता के संबंध में एक मीडिया रिपोर्ट पर गौर किया है, जिसमें द्विपक्षीय बातचीत रुक जाने का दावा किया गया है। सरकार ने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता में कोई ठहराव आया है। दोनों पक्ष पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते के लिए संपर्क में बने हुए हैं।
जानकारों का कहना है कि भारत सरकार की यह टिप्पणी इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (US Trade Representative) (USTR) ने 11 मार्च को भारत और चीन समेत दुनिया के 16 अर्थव्यवस्थाओं की नीतियों एवं औद्योगिक प्रथाओं को लक्षित करते हुए ‘धारा 301’ के तहत व्यापार जांच शुरू की है। अमेरिकी प्रशासन की तरफ से लगाए गए जवाबी शुल्कों को रद्द करने वाले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट (US Supreme Court) के फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) ने 24 फरवरी से 150 दिनों के लिए सभी देशों पर 10 फीसदी शुल्क लगाने की घोषणा की हुई है, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था।


