
नई दिल्ली : (New Delhi) ग्लोबल प्रवासी कबड्डी लीग (Global Pravasi Kabaddi League) (GPKL) के सीजन 2 की तैयारियां तेज हो गई हैं। दूसरे सीजन के लिए देश के प्रमुख कबड्डी केंद्रों में खिलाड़ियों की स्काउटिंग (प्रतिभा खोज) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मजबूत खिलाड़ियों का पूल तैयार करने के उद्देश्य से कई प्रतिभाओं की पहचान की जा रही है।
लीग आयोजकों ने बताया कि स्काउटिंग प्रक्रिया में खिलाड़ियों का मूल्यांकन तकनीकी कौशल, फिटनेस, रणनीतिक समझ और मैच टेम्परामेंट के आधार पर किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को बाद में केंद्रीय प्लेयर ड्राफ्ट पूल (central player draft pool) में शामिल किया जाएगा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमों के लिए प्लेयर ड्राफ्ट संरचना पहले ही तय कर ली गई है। हर फ्रेंचाइजी से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों (men’s and women’s teams) के संतुलित संयोजन के साथ टीम बनाने की उम्मीद है।
स्काउटिंग पर बात करते बुए जीपीकेएल सीजन-2 (GPKL Season 2) के लिए प्लेयर ड्राफ्ट प्रक्रिया की देखरेख कर रहे कार्तिक दम्मू ने कहा कि लीग के लिए मजबूत और प्रतिस्पर्धी प्रतिभा पूल तैयार करना इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “कई प्रमुख कबड्डी अकादमियों के माध्यम से खिलाड़ियों की स्काउटिंग शुरू हो चुकी है। हम देश के पारंपरिक कबड्डी क्षेत्रों से प्रतिभाओं की पहचान कर रहे हैं। पुरुष और महिला दोनों टीमों के लिए ड्राफ्ट संरचना तय होने के बाद हमारा ध्यान संतुलित टीम बनाने पर है, जिसमें घरेलू ताकत के साथ उभरती अंतरराष्ट्रीय प्रतिभा भी शामिल हो।”
लीग का यह ढांचा प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ उभरते कबड्डी देशों को इस खेल के पेशेवर तंत्र से जोड़ने के विजन को आगे बढ़ाता है। जीपीकेएल सीजन-2 में पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी अपने बैनर के तहत दो टीमें उतारेगी। यह लीग की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह कबड्डी को दोनों वर्गों में बढ़ावा देने और खेल की वैश्विक पहुंच मजबूत करने पर जोर दे रही है। सीजन-2 में यूरोप, अफ्रीका और एशिया के कई देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।


