
गैस सिलेंडर फटने की आशंका
कोलकाता : (Kolkata) उत्तर 24 परगना जिले के गोबरडांगा रेलवे स्टेशन (Gobardanga railway station in North 24 Parganas) के पास स्थित बाजार में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास स्थित एक होटल में आग लगने के बाद यह तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई।बताया जा रहा है कि होटल में रखे गैस सिलेंडरों (gas cylinders) में विस्फोट होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। बाजार का इलाका घनी आबादी वाला होने के कारण आग फैलने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां (fire brigade vehicles) मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोग भी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए थे। आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों को बचाने के लिए भागदौड़ करने लगे। कई लोगों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। स्टेशन के पास घटना होने के कारण प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और काले धुएं से प्लेटफॉर्म का हिस्सा ढक गया।
दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार, आग लगने के सही कारण और नुकसान की मात्रा का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। रेलवे सूत्रों ने बताया कि धुएं के कारण प्लेटफॉर्म पर कुछ समय के लिए असुविधा हुई, लेकिन रेल यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।


