
नई दिल्ली : (New Delhi) न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेटर ली ताहुहू (New Zealand women’s cricketer Lea Tahuhu) ने अपने वनडे क्रिकेट करियर को अलविदा कह (bid farewell to her ODI career) दिया है। उन्होंने 15 साल के लंबे वनडे करियर में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम (व्हाइट फर्न्स) के लिए बेहद शानदार प्रदर्शन किया और 125 विकेट झटके हैं। उनका मानना है कि वनडे से संन्यास लेने का यह सही समय है। हालांकि, वह न्यूजीलैंड के लिए टी20 फॉर्मेट में खेलना जारी रखेंगी।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (New Zealand Cricket Board) की ओर से रविवार को जारी आधिकारिक बयान में ली ने कहा कि वनडे क्रिकेट में व्हाइट फर्न्स की जर्सी पहनना हमेशा से मेरे लिए सम्मान की बात रही है। वनडे क्रिकेट में 100 से अधिक बार अपने देश के लिए जर्सी पहनना एक ऐसी बात है जिसका मैंने कभी सपना भी नहीं देखा था। उन्होंने 2024 में टी20 विश्व कप जीत को एक बहुत बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मैं हर पल को संजो कर रखूंगी और वनडे क्रिकेट से बेहद गर्व के साथ विदा ले रही हूं।
व्हाइट फर्न्स के मुख्य कोच बेन सॉयर (White Ferns head coach Ben Sawyer) ने कहा कि वनडे में ली का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उनकी तेज गेंदबाजी हमेशा से ही एक ताकत रही है, लेकिन उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता और इस टीम को आगे बढ़ाने की उनकी लगन सबसे अलग रही है। इसका असर उन युवा गेंदबाजों पर भी पड़ा है जो अब वनडे खेल में अपनी कला सीख रहे हैं।
सॉयर ने कहा कि ली के वनडे के आंकड़े खुद ही सब कुछ बयां करते हैं। अपने देश के सर्वकालिक अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में किसी प्रारूप से संन्यास लेना एक ऐसी उपलब्धि है जिस पर ली को बहुत गर्व होना चाहिए। ली ने वनडे क्रिकेट में ऊंचाइयों को छुआ है और व्हाइट फर्न्स के लिए इस प्रारूप में गेंदबाजी के नए मानक स्थापित किए हैं।
ली ने 2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका आखिरी वनडे मैच इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में था। ली ने न्यूजीलैंड के लिए 103 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 125 विकेट लिए हैं।


