
नवादा : (Nawada) नवादा जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत लौंद चमोथा हाट निवासी भारतीय वायु सेना के जवान संजय कुमार (Indian Air Force soldier Sanjay Kumar) का सोमवार को पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 18 फरवरी को अवकाश पर अपने पैतृक गांव आए थे। 25 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन ने उन्हें गया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां उपचार के क्रम में उन्होंने अंतिम सांस ली।
संजय कुमार वर्ष 2004 में भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) में भर्ती हुए थे और वर्तमान में बेंगलुरु में पदस्थापित थे। उनके असामयिक निधन से परिवार और गांव में शोक है। वे स्वर्गीय अनिल पंडित के पुत्र थे और अपने पीछे पत्नी सिंपी कुमारी, 13 वर्षीय पुत्र एवं 8 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं।
सोमवार को उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर गांव लाया गया। बिहटा एयर पोस्ट से वायु सेना के अधिकारी तीन गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे। जवानों ने सैन्य परंपरा के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर दिया और बिगुल की धुन के बीच अंतिम सलामी अर्पित की। क्षेत्र के बड़गांव धनारजय नदी तट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
वायु सेना की दो टीमों द्वारा 25 हजार रुपये नगद सहायता राशि उनकी पत्नी को प्रदान की गई तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं परिजन उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार जवान बताया।


