
नई दिल्ली : (New Delhi) स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया (Sports Journalists Federation of India) (SJFI) का नेशनल कन्वेंशन 2026 आगामी 13 से 16 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। 23 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रीय राजधानी को इस प्रतिष्ठित वार्षिक आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। इस बार का संस्करण विशेष रूप से ऐतिहासिक होगा क्योंकि इसके साथ एसजेएफआई अपनी स्वर्ण जयंती (गोल्डन जुबली) भी मना रहा है। आयोजन की मेजबानी दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (Delhi Sports Journalists Association) (DSJA) द्वारा की जा रही है।
एसजेएफआई को विश्व खेल पत्रकार संगठन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स प्रेस एसोसिएशन (affiliated with the International Sports Press Association) (AIPS) से मान्यता एवं संबद्धता प्राप्त है। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण जोन से 250 से अधिक वरिष्ठ खेल पत्रकार, खेल प्रशासक, नीति-निर्माता, ओलंपिक खिलाड़ी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इस विशेष गोल्डन जुबली संस्करण में ‘ग्रैंड स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव’ (Grand Sports Conclave) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के शीर्ष खेल प्रशासक और ओलंपिक आइकन शामिल होंगे। इसके साथ ही जेके बोस इंटर-जोनल टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट, एसी बाली टेबल टेनिस टूर्नामेंट, मॉडर्न पायथियन गेम्स जैसी पारिवारिक और युवा गतिविधियां तथा भव्य फाइनल्स एवं समापन समारोह भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।
डीएसजेए के अध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी (DSJA President Abhishek Tripathi) ने कहा कि आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और यह सम्मेलन ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने खेल मंत्रालय, खेल क्षेत्र की कंपनियों और भारतीय तीरंदाजी संघ के सचिव एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
एसजेएफआई के अध्यक्ष सरजू चक्रवर्ती (SJFI President Sarju Chakraborty) ने कहा कि स्वर्ण जयंती नेशनल कन्वेंशन संगठन की 50 वर्ष की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन न केवल विरासत का उत्सव होगा, बल्कि बदलते मीडिया परिदृश्य में खेल पत्रकारिता के भविष्य की दिशा भी तय करेगा।
मानद सचिव रमेश वरिकुप्पला (Honorary Secretary Ramesh Varikuppala) ने इसे खेल पत्रकारिता में उत्कृष्टता, एकता और पेशेवर नैतिकता को सुदृढ़ करने वाला मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संवाद, पेशेवर विकास और आपसी सहयोग को नई मजबूती देगा।
स्वर्ण जयंती संस्करण एसजेएफआई के पांच दशक के योगदान को रेखांकित करेगा, जिसने प्रिंट से लेकर डिजिटल, प्रसारण और मल्टी-प्लेटफॉर्म पत्रकारिता (multi-platform journalism) तक भारतीय खेल मीडिया के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


