
भाईंदर : (Bhayander) शहर में रोज लगने वाले यातायात जाम से स्थानीय नागरिक लंबे समय से त्रस्त हैं। ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए महापौर डिंपल मेहता (Mayor Dimple Mehta) ने एमबीवीवी यातायात विभाग को अहम निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से मनपा मुख्यालय में महापौर डिंपल मेहता, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल (Mayor Dimple Mehta, Deputy Mayor Dhruv Kishore Patil) और एमबीवीवी यातायात विभाग (Mira-Bhayander Unit) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सागर इंगोले के साथ संयुक्त बैठक हुई, जिसमें समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई।
निजी बसों की पार्किंग बनी बड़ी समस्या
भाईंदर (प.) के नेताजी वीर सुभाषचंद्र बोस मैदान (Netaji Veer Subhash Chandra Bose Ground in Bhayander) और मीरा रोड स्थित एल.आर. तिवारी इंजीनियरिंग महाविद्यालय (L.R. Tiwari Engineering College) के पास मुंबई और ठाणे की निजी बसों की पार्किंग का मामला कई बार तूल पकड़ चुका है। यातायात विभाग द्वारा दंडात्मक कार्रवाई किए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इस मुद्दे पर भी बैठक में गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
जाम, अवैध पार्किंग और बंद सिग्नलों पर फोकस
बैठक में महापौर डिंपल मेहता और उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल (Mayor Dimple Mehta and Deputy Mayor Dhruv Kishore Patil) ने शहर के मुख्य मार्गों और आंतरिक सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम, ट्रैफिक वार्डन की व्यवस्था, स्कूलों के पास लगने वाले जाम, बंद पड़े सिग्नल, अवैध रिक्शा स्टैंड, सड़कों पर अवैध पार्किंग और कुछ क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती जैसे मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया। आवश्यक सुझाव देने के साथ कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
संयुक्त और सुनियोजित प्रयास का भरोसा
महापौर डिंपल मेहता के अनुसार, शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए संयुक्त रूप से लगातार और सुनियोजित प्रयास किए जाएंगे। नगर निगम ने मीरा रोड (पू.) के लतीफ पार्क, कनकिया परिसर और स्टार बाजार में पार्किंग की व्यवस्था की है। हालांकि, पर्याप्त जानकारी के अभाव में स्थानीय नागरिक इन पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग नहीं कर रहे हैं। यदि इनका व्यापक स्तर पर उपयोग किया जाए तो सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग कम होगी और ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकेगी। महापौर के अनुसार, इस संबंध में यातायात विभाग को जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
स्कूलों के पास जाम का निकलेगा हल
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सागर इंगोले (Senior Police Inspector Sagar Ingole) ने महापौर को आश्वस्त किया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि कुछ स्कूलों के आसपास वाहन पार्किंग को लेकर अभिभावकों पर सीधे जुर्माना लगाना संभव नहीं है। ऐसे में संबंधित स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर अवैध पार्किंग तथा सड़कों पर संचालित अवैध गैराज भी जाम की बड़ी वजह हैं। महापौर ने ऐसे वाहन चालकों और गैराज संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


