
मुंबई : (Mumbai) बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Bollywood actor Akshay Kumar) अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हॉरर-कॉमेडी जॉनर में वापसी करते हुए अक्षय एक बार फिर दर्शकों को डर और हंसी का अनोखा मिश्रण देने के लिए तैयार हैं। फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसने रिलीज से पहले ही उत्सुकता बढ़ा दी है।
इस मोशन पोस्टर को निर्देशक प्रियदर्शन (Director Priyadarshan) ने शेयर किया है, जिसमें अक्षय कुमार का बेहद अलग और रहस्यमयी अंदाज देखने को मिल रहा है। पोस्टर में अक्षय एक डरावने सिंहासन पर बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने काला चश्मा पहना हुआ है और गले व हाथों में कई रुद्राक्ष की मालाएं धारण की हुई हैं। शर्टलेस अवतार में उनका लुक किसी तांत्रिक जैसा प्रतीत होता है, जो फिल्म के रहस्य और रोमांच को और बढ़ाता है।
गौरतलब है कि अक्षय इससे पहले भूल भुलैया (Bhool Bhulaiyaa) में अपने कॉमिक-हॉरर अंदाज से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं, और अब ‘भूत बंगला’ से एक बार फिर उसी जॉनर में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय के साथ वामिका गब्बी, तब्बू और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और दर्शकों को एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।


