
काठमांडू : (Kathmandu) भारतीय सीमा से सटे बीरगंज शहर (Birgunj, a city bordering India) में आज दोपहर से अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। शहर में सुबह से दो समुदाय के सांप्रदायिक दंगा फैलने की आशंका में कर्फ्यू लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार बीती रात को बीरगंज के श्रीपुर इलाके (Sripur area of Birgunj) में पार्किंग विवाद के बाद एक हिंदू युवक के ऊपर मुस्लिम बहुल इलाके में तलवार से प्रहार करने के बाद दोनों समुदाय के बीच झड़प हो गई थी, जिसके बाद उस इलाके में कई घंटे तक झड़प होती रही। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए जिला प्रशासन को आखिरकार सेना को उतारना पड़ा।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि एक युवक अपनी मोटरसाइकिल पार्किंग कर रहा था, तभी कुछ मुस्लिम लड़के आकर उसके साथ पहले तो गाली गलौज किया। इसका विरोध करने के बाद उस पर तलवार से प्रहार कर दिया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना की प्रतिक्रिया में शहर के कई स्थानों पर हिंदू समुदाय ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद शहर में तनाव बढ़ गया। जगह-जगह पर पुलिस के साथ हिंसक झड़प की भी घटना होने की जानकारी मिली है। इस घटना के विरोध में आज सुबह से ही जगह-जगह प्रदर्शन शुरू हो गया। पूरे शहर में सांप्रदायिक तनाव का माहौल बना हुआ है।
बीरगंज पुलिस के प्रवक्ता हरि बहादुर बस्नेत (Birgunj Police spokesperson Hari Bahadur Basnet) ने बताया कि शहर में साम्प्रदायिक दंगा फैलने की आशंका में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू आदेश जारी किया गया है। बस्नेत के मुताबिक पूरे शहर में कर्फ्यू लगा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोक जा सके।
अभी तीन दिन तक रौतहट जिले के गौर में हिंदू मुस्लिम विवाद (Hindu-Muslim dispute) के बाद कर्फ्यू लगाया गया था, जो आज ही खोला गया। वहां आज प्रशासन की पहल पर सामूहिक सद्भाव रैली निकाली गई, जिसके बाद कर्फ्यू हटा दिया गया है।


