spot_img

New Delhi : MCX पर लुढ़की चांदी, 2.35 लाख प्रति किलो बिकी

चांदी में करीब 4% फिसलन, सोना एक प्रतिशत टूटा
नई दिल्ली : (New Delhi)
घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में (Multi Commodity Exchange) सोमवार को कीमती धातुओं पर बिकवाली हावी रही। चांदी का मार्च कॉन्ट्रैक्ट पिछले सत्र के बंद स्तर से लगभग 4 प्रतिशत गिरकर 2,35,208 रुपये प्रति किलोग्राम तक लुढ़क गया। दोपहर 12:30 बजे तक हल्की रिकवरी के बाद भाव 2,35,605 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करते दिखे, लेकिन समग्र रुख कमजोर बना रहा।

सोने में भी नरमी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोना एक प्रतिशत से अधिक टूटकर 1,54,125 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक पहुंचा। बाद में सीमित सुधार के साथ दोपहर तक यह 1,54,260 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता रहा।

अंतरराष्ट्रीय दबाव हावी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव नजर आया। स्पॉट गोल्ड 1.10 प्रतिशत गिरकर 4,988.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि अप्रैल डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 0.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,006.60 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था। चांदी का वैश्विक हाजिर भाव 3.2 प्रतिशत फिसलकर 74.50 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया।

जनवरी में चार लाख थी कीमत

बाजार विश्लेषकों के अनुसार हालिया गिरावट में मुनाफावसूली और तकनीकी समायोजन प्रमुख कारण रहे हैं। जनवरी में चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर पार किया था, जिसके बाद से कीमतों में तीखा करेक्शन देखा गया है। मौजूदा सप्ताह में अमेरिकी महंगाई, जीडीपी और श्रम बाजार से जुड़े आंकड़े तथा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति संकेतों पर निवेशकों की नजर रहेगी। इन कारकों से बुलियन बाजार की दिशा तय होने की संभावना है।

Explore our articles