
इस्लामाबाद : (Islamabad) पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने बलोचिस्तान नेशनल पार्टी (Balochistan National Party) (Mengal) के नेता सरदार अख्तर मेंगल (leader Sardar Akhtar Mengal) का इस्तीफा आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया। मेंगल एनए-256 खुजदार क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। सांसद मेंगल ने तीन सितंबर 2024 को नेशनल असेंबली से अपना इस्तीफा दे दिया था।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार स्पीकर अयाज सादिक (Speaker Ayaz Sadiq) ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने में एक साल और पांच महीने से ज्यादा की देरी की। स्पीकर ने मेंगल का इस्तीफा स्वीकार करने के बारे में पाकिस्तान के चुनाव आयोग को सूचित कर दिया है।
मेंगल ने इस्तीफा देने के अगले दिन तुरबत में बार एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में कहा था कि बलोचिस्तान के मसलों को सुलझाने में संसद की नाकामी से लोगों में निराशा बढ़ रही है। इस वजह से लोगों के पास हथियार उठाने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। उन्होंने कहा था, “ऐसी संसद में बैठना जहां सवाल पूछने और बोलने की आजादी की इजाजत नहीं है, समय की बर्बादी के अलावा कुछ नहीं है।”
उन्होंने कहा था कि बलोच यकजेहती कमेटी के लीडर महरंग बलोच (Baloch Yakjehati Committee leader Mehrang Baloch) और दूसरे सदस्यों की रिहाई के लिए संघर्ष में हिस्सा लेना सभी राजनीतिक पार्टियों, कबायली नेताओं, वकीलों और समाज के दूसरे तबकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अदालतों की आलोचना करते हुए कहा था कि अब न्याय की कोई उम्मीद नहीं बची है। मेंगल ने आरोप लगाया था कि मीडिया पर पूरी तरह से पाबंदी है। पाकिस्तान की कोई भी संस्था सत्ता के दखल से आजाद नहीं है। मंत्रियों के पास दिखावे के पद हैं।


