spot_img

New Delhi : शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में जोरदार तेजी

New Delhi: Stock market sees strong gains in early trade

नई दिल्ली : (New Delhi) अमेरिका के साथ ट्रेड डील का असर घरेलू बाजार (domestic market) में साफ-साफ नजर आ रहा है। शेयर बाजार ने आज तूफानी तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी जोरदार छलांग लगा कर ऑल टाइम हाई के करीब पहुंच गया। हालांकि मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी (Sensex and Nifty) दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। इसके बावजूद ये दोनों सूचकांक जोरदार बढ़त बनाए हुए हैं। सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2.51 प्रतिशत और निफ्टी 2.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज, अदानी पोर्ट्स, जियो फाइनेंशियल, इंटरग्लोब एवियशन और बजाज फाइनेंस (InterGlobe Aviation, and Bajaj Finance) के शेयर 9.91 प्रतिशत से लेकर 4.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, नेस्ले, ओएनजीसी और आईटीसी के शेयर 1.07 प्रतिशत से लेकर 0.54 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,786 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,452 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 334 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 29 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर सिर्फ एक शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहा था। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 47 शेयर हरे निशान में और तीन शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 3,656.74 अंक की जोरदार छलांग लगा कर 85,323.20 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक उछल कर 85,871.73 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2,048.69 अंक की मजबूती के साथ 83,715.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 1,219.65 अंक उछल कर 26,308.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक उछल कर 26,341.20 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 11 बजे का कारोबार होने के बाद निफ्टी 570.55 अंक की मजबूती के साथ 25,658.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ 81,666.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 262.95 अंक यानी 1.06 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,088.40 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

Explore our articles