चंडीगढ़ : (Chandigarh) हरियाणा के रोहतक जिले के हुमायूंपुर गांव के राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियन रोहित धनखड़ हत्याकांड (murder case of national para powerlifting champion Rohit Dhankhar) में भिवानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए प्रथम भिवानी की टीम ने मामले में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपिताें को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को भिवानी लाया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने शनिवार को पुलिस लाइन में बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान तिगड़ाना गांव निवासी वरुण, उसके भाई तरुण और दीपक के रूप में हुई है।
पुलिस टीम इन तीनों को बेंगलुरु से लेकर भिवानी ला रही है। एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध यूनिट, सदर थाना और साइबर पुलिस को निर्देश दिए गए थे। 12 दिसंबर को सीआईए टीम ने यह कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य फरार आरोपिताें को भी पकड़ा जाएगा।उल्लेखनीय है कि 27 नवंबर को रोहित अपने दोस्त जतिन (बौंदकलां, चरखी दादरी) के साथ भिवानी के रेवाड़ी खेड़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। वहां बारात में आए कुछ युवकों द्वारा महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने का रोहित ने विरोध किया, जिससे कहासुनी हो गई। लौटते समय रेलवे फाटक के पास आरोपिताें ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को टक्कर मारी और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया।
गंभीर घायल रोहित की 29 नवंबर को रोहतक पीजीआई में मौत हो गई। मां सरोज की शिकायत पर सदर थाना भिवानी में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले पुलिस ने तीन अन्य आरोपिताें को गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपियों के फरार होने से परिवार और ग्रामीणों में रोष था। पंचायत ने आंदोलन की चेतावनी दी थी और डीजीपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। अब इन गिरफ्तारियों से परिवार को राहत मिली है, लेकिन वे सभी आरोपिताें की सजा की मांग कर रहे हैं। रोहित सात बार के नेशनल चैंपियन (seven-time national champion) थे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।


